कुरुक्षेत्र | हरियाणा के कुरुक्षेत्र जिले के मुस्तापुर गांव में सोमवार को ड्रेन में 2 मगरमच्छ घुसने की सूचना मिलते ही ग्रामीणों में हड़कंप मच गया. आनन- फानन में वाइल्डलाइफ विभाग और गोताखोर प्रगट सिंह को सूचना दे कर बुलाया गया. मिली जानकारी के अनुसार, मगरमच्छ नहर की दूसरी तरफ से आए थे और पास स्थित ड्रेन में पहुंच गए.
ग्रामीणों ने भेजा मगरमच्छों का वीडियो
ग्रामीणों द्वारा मगरमच्छों का वीडियो भेजा गया. इसके बाद, रेस्क्यू टीम को भी स्थिति का सही अंदाजा हो पाया. जैसे ही गोताखोर प्रगट सिंह को मगरमच्छों के गांव में घुसने की खबर मिली वह अपनी टीम के साथ वहां पहुंच गए और रेस्क्यू ओपरेशन शुरू कर दिया. टीम जब वहां पहुंची तो उस समय ड्रेन में काफी ज्यादा पानी था, जिस कारण मगरमच्छों की सही स्थिति का अवलोकन कर पाना बहुत चुनौतीपूर्ण कार्य था.
सब कुछ समझने के बाद गोताखोर प्रगट सिंह द्वारा अपने खर्चे पर 2 वाटर जेट पंप मंगवाए गए. उनकी सहायता से पहले ड्रेन में पानी के स्तर को कम किया गया. इसके बाद, मगरमच्छों की तलाश कर पाना संभव हो पाया.
5 से 6 घंटों की मेहनत के बाद पकड़े गए मगरमच्छ
शाम को 4 यह ऑपरेशन शुरू किया गया और 5 घंटे के अथक प्रयासों के बाद पहले मगरमच्छ को पकड़ा जा सका. दूसरे को पकड़ने में 6 घंटे का समय लगा. हालांकि, दोनों मगरमच्छ आकार में छोटे थे फिर भी यह ग्रामीणों के लिए खतरा बने हुए थे. इसके बाद, अधिकारी सुभाष द्वारा टीम के साथ मौके पर पहुंचकर मगरमच्छों को कब्जे में ले लिया गया और क्रोकोडाइल ब्रीडिंग सेंटर में भेज दिया गया.
