कुरूक्षेत्र | हरियाणा के सीएम नायब सैनी धर्मनगरी कुरुक्षेत्र में चल रहे अंतरराष्ट्रीय गीता महोत्सव (International Geeta Mahotsav) में बतौर मुख्य अतिथि शिरकत करने पहुंचे. यहां 48 कोस तीर्थ सम्मेलन में तीर्थ स्थलों के प्रमुख जनों को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि ब्रज की 84 कोस यात्रा की तर्ज पर 48 कोस कुरुक्षेत्र भूमि पर स्थित तीर्थों की यात्रा भी शुरू की जाएगी. इसके अलावा, कुरुक्षेत्र को भगवान श्री कृष्ण की नगरी मथुरा और पवित्र नगरी हरिद्वार से जोड़ने के लिए रेल सेवा भी शुरू की जाएगी.
मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि श्री कृष्ण सर्किट योजना के तहत महाभारत युद्ध से संबंधित 134 स्थलों को लगभग 175 करोड़ रुपये के अनुमानित लागत से पर्यटन स्थल के रूप में विकसित किया जाएगा. गीता स्थली, ज्योतिसर में 205 करोड़ रुपये के निवेश से महाभारत थीम पर आधारित ज्योतिसर अनुभव केंद्र का निर्माण भी किया जा रहा है.
बाईपास निर्माण को केंद्र सरकार की मंजूरी
सीएम नायब सैनी ने बताया कि केंद्र की मोदी सरकार ने कुरूक्षेत्र में बाईपास निर्माण की सैद्धांतिक तौर पर स्वीकृति प्रदान कर दी है. बहुत जल्द इस प्रोजेक्ट को धरातल पर उतारा जाएगा. इस बाईपास निर्माण से कुरूक्षेत्र ही नहीं, बल्कि आस- पास के क्षेत्रों के लोगों को भी फायदा पहुंचेगा. वाहन चालकों को शहर की भीड़- भाड़ से छुटकारा मिलेगा. वहीं, बाईपास निर्माण से धर्मनगरी कुरुक्षेत्र में बेहतर कनेक्टिविटी और बेहतर बुनियादी ढांचा सुनिश्चित होगा.
उन्होंने बताया कि धर्मनगरी कुरुक्षेत्र में आस्था के अनेक केंद्र स्थापित किए जा रहे हैं. देश के सुदूर क्षेत्रों के मंदिर अब कुरुक्षेत्र में देखने को मिलते हैं. उत्तर भारत का श्री तिरुपति बालाजी मंदिर यहां बनाया गया है. इसके अतिरिक्त, जीओ गीता संस्थान, अक्षरधाम मंदिर, इस्कॉन मंदिर तथा ज्ञान मंदिर का निर्माण कार्य चल रहा है. इस दौरान सीएम नायब सैनी ने 48 कोस तीर्थ पुस्तक, तीर्थ QR कोड और कुरुक्षेत्र टूर गाइड के प्रथम और द्वितीय संस्करण का भी विमोचन किया.
