कुरुक्षेत्र | विद्यार्थियों को अगर सही मार्गदर्शन मिले, तो वह क्या कुछ नहीं कर सकते. हरियाणा की कुरुक्षेत्र यूनिवर्सिटी (Kurukshetra University) के विद्यार्थियों ने भी कुछ ऐसा ही कमाल कर दिखाया है. यहाँ के इंस्ट्रूमेंटेशन डिपार्टमेंट के विद्यार्थियों ने 6 महीने की मेहनत से एक अनोखी EV कार बना डाली है, यह कार बाजार में उपलब्ध सामान्य और सस्ती ब्रश लैस डायरेक्ट करंट मोटर (बीएलडीसी) की बैटरी से जोड़कर बनाई गई है.
ब्रेक लगाने से भी होगी बैटरी चार्ज
कार में लगी हुई ये बैटरी इसे पावर देने का काम करेगी और मोटर को चलाएगी. इस कार की खास बात ये होगी कि चालक जिस ताकत से ब्रेक लगाएगा, उससे यह बैटरी भी चार्ज होगी. कार को तैयार करने के लिए विद्यार्थियों ने कोई अलग से सामान नहीं खरीदा है, बल्कि ज्यादातर सामान उन्होंने विभाग की मैकेनिक लैब में खुद तैयार किया है. इस गाड़ी की छत पर सोलर फिल्म लगाकर इसके पेटेंट की भी तैयारी की जा रही है.
पुरानी मारुती 800 का किया इस्तेमाल
इसे तैयार करने के लिए विद्यार्थियों ने पुरानी मारुति 800 कार का इस्तेमाल किया है. इसके इंजन को उतार कर उसमें उन्होंने बीएलडीसी मोटर को लगाया है. इसमें डिस्प्ले सिस्टम भी आधुनिक तकनीक का इस्तेमाल किया है. यदि गाड़ी की खिड़की खुली रहती है, तो बाकी आधुनिक कारों की तरह यह डिस्प्ले पर मैसेज शो कर देती है.
आधुनिक तकनीक से लेस गाडी
इस बारे में जानकारी देते हुए विश्वविद्यालय के इंस्ट्रूमेंटेशन विभाग के अध्यक्ष प्रोफेसर सुरेंद्र सिंह ने बताया कि गाड़ी में 2 किलो वाट की बीएलडीसी मोटर बेस्ट ड्राइव सिस्टम को इस्तेमाल किया गया है. इसके अलावा, रीजेनरेटिव ब्रेकिंग सिस्टम और 45 वोल्ट 60 एमएएच बैटरी का इस्तेमाल किया गया है. यह बैटरी रीजेनरेटिव ब्रेकिंग सिस्टम से खुद चार्ज होती रहती है. इसके अंदर एंड्रॉयड बेस्ड डिजिटल डिसप्ले सिस्टम का इस्तेमाल किया गया है.
70 हजार का आया खर्चा
इंस्ट्रूमेंटेशन विभाग के अंतिम वर्ष के विद्यार्थी आयुष आनंद, पुष्पराज आर्य, दीपांशु दहिया और तृतीय वर्ष के छात्र अनिकेत ने इस गाड़ी को तैयार किया है. उन्होंने सीनियर टेक्नीशियन सुरेश अहलावत के तकनीकी सहयोग से इस गाड़ी को केवल ₹70,000 में तैयार किया है. यह गाड़ी 70 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से दौड़ सकती है. बीते दिनों कुलपति प्रोफेसर सोमनाथ सचदेवा ने खुद इस गाड़ी को ड्राइव किया और विद्यार्थियों को उनके उज्जवल भविष्य के लिए शुभकामनाएं भी दी.
