नई दिल्ली | आमतौर पर नए साल की शुरुआत पर काफी संख्या में लोग मंदिरों में जाते हैं और अपने इष्ट देवता के दर्शन के साथ नए साल की शुरुआत करते हैं. देश के प्रसिद्ध मंदिरों में हर बार नए साल के मौके पर भक्तों की काफी भीड़ देखने को मिलती है. ऐसा ही कुछ नज़ारा मथुरा- वृंदावन में भी देखने को मिलता है. खासतौर पर दिल्ली एनसीआर में रहने वाले लोग काफी संख्या में मथुरा- वृंदावन जाना पसंद करते हैं. इसे लेकर अब पुलिस प्रशासन की तरफ से और बांके बिहारी मंदिर की तरफ से खास एडवाइजरी जारी की गई है.
क्रिसमस पर हुई थी भारी भीड़
आपकी जानकारी के लिए बता दें कि श्री बांके बिहारी के दर्शन करने क्रिसमस की छुट्टी के चलते काफी बड़ी संख्या में श्रद्धालु वृंदावन पहुंचे थे, ऐसे में जिला प्रशासन को नए साल पर भी काफी संख्या में श्रद्धालुओं के आने की संभावना है. इसे देखते हुए प्रशासन अपनी तैयारी और व्यवस्था में जुट गया है. इसी कारण 2 जनवरी तक वृंदावन में बाहरी वाहनों के प्रवेश पर रोक लगा दी गई है. इसलिए यदि आप भी भविष्य में वृंदावन जाने का प्लान कर रहे हैं तो इन नियमों को जरूर से पढ़ लें.
इन लोगों के लिए जारी की एडवाइजरी
वहीं दूसरी तरफ बांके बिहारी मंदिर प्रबंधन की तरफ से भी श्रद्धालुओं के लिए गाइडलाइन जारी की गई है. उन्होंने भक्तों से अपील करते हुए कहा है कि बच्चों, बुजुर्गों, बीमार लोगों और कमजोर महिलाओं को मंदिर में आने से फिलहाल परहेज करना चाहिए, क्योंकि मंदिर काफी छोटा है और भीड़ को कंट्रोल करना काफी मुश्किल हो जाता है. कई बार भगदड़ भी मच जाती है, जिससे कई लोगों की जान भी चली जाती है.
