कुरूक्षेत्र | हरियाणा की धर्मनगरी कुरुक्षेत्र (Kurukshetra) के लिए बड़ी खुशखबरी सामने आई है. यहां जल्द ही थानेसर विधानसभा क्षेत्र के लोगों को 27 बड़े प्रोजेक्ट्स की सौगात मिलने जा रही है. इन प्रोजेक्ट्स को लेकर मुख्यमंत्री नायब सैनी और थानेसर से पूर्व BJP विधायक सुभाष सुधा के बीच चर्चा हुई है. इन प्रोजेक्ट्स पर करीब 100 करोड़ रूपए की लागत राशि खर्च हो रही है. इन प्रोजेक्ट्स के जरिए लोगों को शिक्षा, स्वास्थ्य और खेल जैसी मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध होंगी.
इन प्रोजेक्ट्स की मिलेगी सौगात
पूर्व बीजेपी विधायक सुभाष सुधा ने बताया कि सभी 27 प्रोजेक्ट्स की घोषणा सीएम नायब सैनी की तरफ से कर दी गई है. मुख्यमंत्री ने घोषणा के दौरान कहा कि कुरूक्षेत्र में नर्सिंग कॉलेज तैयार हो रहा है, जिसका निर्माण कार्य लगभग पूरा होने की कगार पर है. इस कालेज के निर्माण पर 33 करोड़ 15 लाख रूपए की लागत राशि खर्च होने का अनुमान जताया गया है.
उन्होंने बताया कि इसके अलावा कुरूक्षेत्र के ज्योति नगर और मोहन नगर की मुख्य सड़क पर फुट ओवरब्रिज का निर्माण किया जाएगा. इनके निर्माण को लेकर प्रदेश सरकार ने हरी झंडी दिखा दी है. CM ने कहा कि कुरूक्षेत्र जिले के सुनहेड़ी खालसा गांव में स्वास्थ्य केंद्र का निर्माण कार्य जल्द शुरू होगा. इसके निर्माण पर 35 लाख रूपए की लागत राशि खर्च होगी.
लिखी जाएगी विकास की नई गाथा
जोगना खेड़ा गांव में 45.40 लाख रूपए की लागत राशि से पार्क और व्यायामशाला बनाई जाएगी. हरियाणा कला परिषद परिसर में साढ़े 10 करोड़ रूपए की लागत से नया विश्राम गृह और सरस्वती फीडर (RD 550) पर नया पुल तैयार किया जाएगा. सन्निहित सरोवर बांध के सुंदरीकरण पर 7.41 करोड़ रूपए खर्च किए जाएंगे. इसके अलावा, थानेसर विधानसभा क्षेत्र में साइंस कालेज का निर्माण होगा. सुभाष सुधा ने कहा कि ये सभी प्रोजेक्ट्स कुरूक्षेत्र जिले के विकास की नई गाथा लिखेंगे.
