फरीदाबाद | हरियाणा की औद्योगिक नगरी फरीदाबाद की खूबसूरती में चार- चांद लगाने की तैयारियां शुरू हो गई है. फरीदाबाद मेट्रो डिवलेपमेंट ऑथोरिटी (FMDA) ने शहर में सौंदर्यीकरण की दिशा में ग्रीन बेल्ट को संवारने की कवायद शुरू कर दी है. दिल्ली- मुंबई एक्सप्रेसवे लिंक रोड (फरीदाबाद- पलवल KMP एक्सप्रेसवे) और NH- 19 के बीच आने वाली ग्रीन बेल्ट की पहले चरण में पौधों और अलग- अलग तरह की घास लगातार सुंदरता बढ़ाई जाएगी.
शहरी निकाय मंत्री की योजना
हाल ही में शहरी निकाय मंत्री विपुल गोयल ने फरीदाबाद में इंफ्रास्ट्रक्चर के साथ शहर को हरा- भरा बनाने के लिए FMDA के अधिकारियों की बैठक बुलाई थी. इस दौरान FMDA के बागवानी विभाग की ओर से शहर की हरियाली बढ़ाने का प्रस्ताव पेश किया. इस प्रस्ताव में शहर के ओल्ड फरीदाबाद राजीव चौक से लेकर फरीदाबाद- पलवल KMP एक्सप्रेसवे के बीच सेक्टरों में ग्रीन बेल्ट पर पौधे और घास लगाने की तैयारी है.
इसमें सेक्टर- 16A, सेक्टर- 19, सेक्टर- 16, सेक्टर- 17, सेक्टर- 18 के आस- पास ग्रीन बेल्ट पर पौधे लगाए जाएंगे. बागवानी विभाग इस योजना पर 97.10 करोड़ रूपए की धनराशि खर्च करेगा.
इन कार्यों को किया जाएगा पूरा
- फरीदाबाद- पलवल KMP एक्सप्रेसवे पश्चिमी भाग पर 9.5 करोड़ और फरीदाबाद- पलवल KMP एक्सप्रेसवे पूर्वी भाग पर 10 करोड़ की लागत से वार्षिक मेंटेनेंस की योजना बनाई गई है.
- सड़क किनारे और सेंट्रल वर्ज पर लैंडस्केप और सौंदर्यीकरण के लिए पौधे लगाने की योजना. 20 करोड़ रूपए खर्च होंगे.
- सेक्टर- 37 से सेक्टर- 65 तक लैंडस्केप और फुटपाथ निर्माण पर 16 करोड़ रुपए खर्च किए जाएंगे.
- सेक्टर- 75 से 89 तक 75 मीटर चौड़ी रोड पर फेंसिंग के लिए 12.50 करोड़ की लागत राशि खर्च होगी.
- ग्रीन बेल्ट किनारे वेस्ट वाटर लाइन बनाने के लिए 16 करोड़ रूपए खर्च होंगे.
- 3 ऑटोमेटिक वायु गुणवत्ता सूचकांक सिस्टम, अमृता अस्पताल, वाईएमसीए, टीएचएसटीआई इंस्टीट्यूट करीब 36 करोड़ रुपये की लागत से.
इस तरह के लगेंगे पौधे
सेंट्रल वर्ज पर फूलों वाले पौधे लगाए जाएंगे. इसके अलावा सेक्टरों के किनारे ग्रीन बेल्ट पर अधिक ऑक्सीजन देने वाले पौधे लगाने की योजना बनाई गई है.
