कुरूक्षेत्र | हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सैनी (Nayab Singh Saini) अपनी विधानसभा क्षेत्र लाडवा पहुंचे, जहां उन्होंने लोहड़ी पर्व पर आयोजित कार्यक्रम को संबोधित किया. इस दौरान उन्होंने उपस्थित लोगों को लोहड़ी पर्व के साथ- साथ मकर संक्रांति पर्व की भी बधाइयां दी. अपने संबोधन में सीएम ने कहा कि लोहड़ी पर्व हमारी समृद्ध संस्कृति और परंपराओं का प्रतीक है. यह त्योहार न केवल हमें खुशियां बांटने का अवसर देता है, बल्कि हमें अपनी जड़ों से जुड़ने और अपने पूर्वजों को याद करने का भी मौका देता है.
करोड़ों रूपए के विकास कार्यों की सौगात
सीएम नायब सैनी ने इस दौरान अपने विधानसभा क्षेत्र लाडवा को 10.42 करोड़ रूपए के विकास कार्यों की सौगात दी. उन्होंने बताया कि लाडवा विधानसभा क्षेत्र के विकास के लिए 4.70 करोड़ रूपए की ग्रांट राशि मंजूर हो चुकी है. उन्होंने गांव बीड मथाना में 2.72 करोड़ रूपए और गांव रामशरण माजरा में तीन करोड़ रूपए सामुदायिक केंद्र के लिए बजट राशि देने की घोषणा की.
उन्होंने बताया कि हल्के की 15 सड़कों का नवीनीकरण कार्य पूरा हो चुका है. शेष सड़कों का निर्माण कार्य मौसम ठीक होने के बाद शुरू कर दिया जाएगा. उन्होंने कहा कि हरियाणा सहित देशभर में त्यौहारों को खुशी व उत्साह के साथ मनाया जाता है. मकर संक्रांति पर्व खुशहाली का प्रतीक है.
नई अनाज मंडी,लाडवा में आयोजित लोहड़ी उत्सव में शामिल होकर लाडवा के अपने परिवारजनों को लोहड़ी एवं मकर संक्रांति की बधाई एवं शुभकामनाएं दी।
लाडवा के मेरे परिवारजन मेरे प्रति विशेष स्नेह रखते हैं, जिसके लिए मैं उनका बहुत-बहुत आभार व धन्यवाद प्रकट करता हूं।
कुछ समाजिक संस्थाओं ने… pic.twitter.com/ddyFp5QceY
— Nayab Saini (@NayabSainiBJP) January 13, 2025
लोहड़ी की अग्नि में डाली आहुति
मकर संक्रांति पर्व के उपलक्ष्य में आयोजित इस कार्यक्रम में सीएम नायब सैनी, प्रदेशाध्यक्ष मोहन लाल बड़ौली और पूर्व राज्य मंत्री सुभाष सुधा के साथ- साथ उपस्थित लोगों ने लोहड़ी पर्व की पूजा- अर्चना की और मंत्रोच्चारण के बीच लोहड़ी की अग्नि में आहुति दी. इस कार्यक्रम में हरियाणवी और पंजाबी गायकों ने अपने भजनों से समां बांधते हुए कार्यक्रम की रौनक में चार- चांद लगा दिए.
