नई दिल्ली | राजधानी दिल्ली में 27 साल बाद भारतीय जनता पार्टी की सरकार बनती हुई दिखाई दे रही है. इस बार के चुनावी नतीजों ने पूरे देश को चौंका दिया है. पिछले 12 वर्षों से दिल्ली की सत्ता पर काबिज आम आदमी पार्टी (AAP) को इस बार हार का सामना करना पड़ सकता है. आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल अपनी विधानसभा सीट से भाजपा उम्मीदवार प्रवेश वर्मा से 4,089 वोटों से हार गए हैं. अब हर जगह प्रवेश वर्मा की चर्चा हो रही है और उन्हें दिल्ली का अगला मुख्यमंत्री बनाए जाने की अटकलें तेज हो गई हैं.
प्रवेश वर्मा का करियर
- दिल्ली के हिंदू जाट परिवार में 7 नवंबर 1977 को जन्मे प्रवेश वर्मा पूर्व मुख्यमंत्री साहब सिंह वर्मा के बेटे हैं. उनकी मां का नाम रामप्यारी वर्मा है उनके एक भाई और 3 बहनें हैं.
- राजधानी के डीपीएस आरके पुरम से उन्होंने अपनी प्रारंभिक शिक्षा प्राप्त की. उसके बाद, किरोड़ीमल कॉलेज से स्नातक की डिग्री हासिल करने के बाद इंटरनेशनल बिजनेस में एमबीए की.
- साल 2013 में महरौली विधानसभा सीट से उन्होंने चुनाव लड़ा, जिसमें उन्होंने कांग्रेस के वरिष्ठ नेता योगानंद शास्त्री को हराया.
- साल 2014 में पश्चिमी दिल्ली सीट से लोकसभा चुनाव में उन्होंने जीत हासिल की
- उसके बाद, साल 2019 के लोकसभा चुनाव में उन्होंने कांग्रेस के उम्मीदवार महाबल मिश्रा को हराया.
- प्रवेश वर्मा की पत्नी का नाम स्वाति सिंह है उनके एक बेटे और दो बेटियां हैं.
