चंडीगढ़ | हरियाणा में कांग्रेस हाईकमान ने संगठन में बदलाव की प्रकिया शुरू कर दी है. कई राज्यों में प्रभारियों की छुट्टी करते हुए उनकी जगह पर नई नियुक्तियां की गई है. इसी कड़ी में हरियाणा विधानसभा चुनाव में अप्रत्याशित हार के बाद पार्टी नेताओं पर गाज गिरनी शुरू हो गई है. कांग्रेस हाईकमान ने हरियाणा कांग्रेस प्रभारी दीपक बाबरिया को इस जिम्मेदारी से मुक्त कर दिया है.
हरियाणा कांग्रेस को मिला नया प्रभारी
कांग्रेस हाईकमान ने हरियाणा के प्रभारी पद से दीपक बाबरिया को हटा दिया है. उनकी जगह पर वरिष्ठ नेता बीके हरिप्रसाद को हरियाणा कांग्रेस का नया प्रभारी नियुक्त किया गया है. बीके हरि प्रसाद पहले भी हरियाणा कांग्रेस के प्रभारी रह चुके हैं. उनकी गिनती पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा के करीबियों में होती है.
श्री बी.के. हरिप्रसाद जी को हरियाणा प्रदेश कांग्रेस का प्रभारी बनाए जाने पर हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएँ। आपके नेतृत्व में संगठन और अधिक सशक्त होगा और कांग्रेस की विचारधारा को नई ऊर्जा मिलेगी।@HariprasadBK2 pic.twitter.com/XXRxAirqWJ
— Udai Bhan (@INCUdaiBhan) February 14, 2025
दीपक बाबरिया ने विधानसभा चुनाव के नतीजों के बाद स्वयं अपने पद से इस्तीफा देने की पेशकश की थी. अपने खराब स्वास्थ्य का हवाला देते हुए प्रभारी का महत्वपूर्ण पद किसी दूसरे नेता को सौंपने का सुझाव दिया था. बाबरिया के बाद अब प्रदेशाध्यक्ष उदयभान सिंह को भी बदला जा सकता है.
कांग्रेस हाईकमान ने दीपक बाबरिया की पेशकश को स्वीकार करते हुए उन्हें हरियाणा की जिम्मेदारी से पूरी तरह मुक्त कर दिया है. माना जा रहा है कि दीपक बाबरिया को उनके आग्रह पर ही हटाया गया है, लेकिन कांग्रेस के गलियारों में चर्चा है कि कांग्रेस महासचिव कुमारी शैलजा तथा राज्यसभा सांसद रणदीप सिंह सुरजेवाला के कहने पर बाबरिया की छुट्टी की गई है.
