पानीपत | हरियाणा के पानीपत में नगर निगम चुनाव की वोटिंग से पहले ही भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने अपने पूर्व पार्षदों सहित आठ नेताओं के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की है. इन नेताओं को पार्टी ने 6 साल के लिए निष्कासित कर दिया है. इनमें 5 नेता पार्षद भी रह चुके हैं. भारतीय जनता पार्टी द्वारा जारी की गई इस लिस्ट में सतीश सैनी, शकुंतला गर्ग, अतर सिंह रावल, अंजली शर्मा, सुमन छाबड़ा, अशोक छाबड़ा, रमाकांत गिरी और दिनेश शर्मा शामिल हैं.
इस कारण हुई कार्रवाई
यह सभी पार्टी के खिलाफ निर्दलीय चुनाव लड़ रहे थे, जिस कारण पार्टी ने इन्हें बाहर का रास्ता दिखा दिया है. भारतीय जनता पार्टी के जिला अध्यक्ष दुष्यंत भट्ट की तरफ से इन नेताओं की एक लिस्ट जारी की गई है. इसमें लिखा गया कि इन 8 पार्टी पदाधिकारियों को नगर निगम चुनाव में निर्दलीय चुनाव लड़ने के कारण 6 साल के लिए पार्टी से निष्कासित किया जाता है.
9 मार्च को होगा मतदान
9 मार्च को पानीपत में नगर निगम चुनाव के लिए मतदान होगा. हालांकि, बाकी जगहों पर रविवार को वोटिंग हो चुकी है. भारतीय जनता पार्टी ने पानीपत निगम में काफी पहले ही अपने उम्मीदवारों की घोषणा कर दी है. बीजेपी की तरफ से कोमल सैनी को टिकट दिया गया है. वहीं, कांग्रेस ने नामांकन से एक दिन पहले अपने उम्मीदवारों का ऐलान किया है. यहां से कांग्रेस ने सविता गर्ग को उम्मीदवार बनाया है.
