रोहतक | हरियाणा पुलिस ने कांग्रेस पार्टी की सक्रिय कार्यकर्ता हिमानी नरवाल मर्डर केस (Himani Narwal Murder Case) की गुत्थी सुलझा ली है. पुलिस ने हत्यारोपी झज्जर जिले के गांव खैरपुर निवासी 30 वर्षीय सचिन उर्फ ढिल्लू को गिरफ्तार किया था. वह दो बच्चों का पिता हैं और करीब 1 साल पहले उसकी फेसबुक पर हिमानी नरवाल से दोस्ती हुई थी. पुलिस पूछताछ में सचिन ने हत्या की पूरी कहानी उगल दी है.
ऐसे दिया हत्या को अंजाम
पुलिस पूछताछ में सचिन ने बताया कि 27 फरवरी की रात वह हिमानी के रोहतक शहर के विजयनगर स्थित घर में ही रुका हुआ था. रात में दोनों में किसी बात को लेकर झगड़ा हुआ था. इसके बाद, उसने हिमानी को मार डाला. उसने पहले हिमानी के हाथ चुन्नी से बांधे और फिर मोबाइल चार्जर की केबल से उसका गला घोंट दिया. हिमानी के शव को सूटकेस में बंद कर दिया.
सचिन ने आगे बताया कि हिमानी से हाथापाई के दौरान उसके हाथ पर भी चोटें आई थीं, जिससे रजाई पर खून लग गया था. इस कारण उसने रजाई का कवर उतारकर उसे भी सूटकेस में लाश के साथ पैक कर दिया. इसके बाद हिमानी की अंगूठियां, मोबाइल फोन, लैपटॉप आदि चीजें बैग में डाल कर हिमानी की ही स्कूटी लेकर अपनी मोबाइल शॉप पर चला गया.
सांपला बस स्टैंड पर फेंका शव
सचिन हिमानी नरवाल की लाश को ठिकाने लगाने के लिए रात 10 बजे वापस विजयनगर आया और स्कूटी को घर पर खड़ी करके आटो से सूटकेस में शव लेकर रोहतक स्थित दिल्ली बाईपास पहुंचा. यहां से बस में सवार होकर सांपला पहुंचा. यहां उसने बस स्टैंड के पास झाड़ियों में सूटकेस को रख दिया और वापस अपने घर लौट गया. एडीजीपी रोहतक ने प्रेस कांफ्रेंस में यह जानकारी दी है.
ऐसे पुलिस के हत्थे चढ़ा सचिन
हिमानी नरवाल मर्डर केस की गुत्थी सुलझाने के लिए पुलिस की टीमों ने विजयनगर से सांपला तक 128 सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले. इसमें एक फुटेज हिमानी के घर के पास मिली, जिसमें एक युवक सूटकेस को ले जाता दिखाई दे रहा है. हालांकि, सीसीटीवी कैमरा दूर था और वह धुंधला दिखाई दे रहा था. पुलिस ने इसी सीसीटीवी की मदद से आरोपी को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की.
