चंडीगढ़ | जब तक इंडियन नेशनल लोकदल (INLD) के प्रमुख ओमप्रकाश चौटाला जीवित थे, तब तक राजनीतिक गलियारों में यह चर्चा थी कि चौटाला परिवार एक साथ आ सकता है, लेकिन उनके स्वर्गवास के बाद अब JJP और INLD के एक होने की संभावना बेहद कम नजर आ रही है. जानकारी मिल रही है कि जननायक जनता पार्टी (JJP) ने INLD के चुनाव चिन्ह ‘चश्मा’ को छिनवाने के प्रयास तेज कर दिए हैं.
‘चश्मा’ चुनाव चिन्ह पर JJP का दावा
JJP नेताओं के अनुसार, साल 1998 के लोकसभा चुनाव प्रदर्शन के आधार पर लोकदल को हरियाणा में राज्य पार्टी के तौर पर ‘चश्मा’ चुनाव चिन्ह आवंटित हुआ था, लेकिन 2019 के लोकसभा और विधानसभा चुनाव में INLD चुनाव आयोग की शर्तों को पूरा नहीं कर सकी. इसके बाद, चुनाव आयोग के नियम 6C के तहत 2024 लोकसभा चुनाव में INLD को एक और मौका दिया गया. इस बार भी पार्टी का प्रदर्शन चुनाव आयोग के नियमों के अनुरूप नहीं रहा.
हाईकोर्ट जाने की तैयारी
इस बारे में जानकारी देते हुए JJP के प्रवक्ता ने बताया कि पिछले लोकसभा चुनाव में INLD द्वारा चुनाव आयोग के नियमों को पूरा न करने के बावजूद विधानसभा चुनाव में उसी चुनाव चिन्ह पर प्रत्याशी उतारने की अनुमति कैसे दी गई. इस विषय में उन्होंने चुनाव आयोग से RTI के माध्यम से जवाब मांगा था, लेकिन संतोषजनक उत्तर नहीं मिला. अब JJP इस मामले को हाईकोर्ट में ले जाने की तैयारी कर रही है.
