कुरुक्षेत्र- नरवाना रेलवे लाइन पर तैयार हुआ एलिवेटेड ट्रैक, 5 फाटकों पर ट्रैफिक जाम से मिलेगा छुटकारा

कुरूक्षेत्र | धर्मनगरी कुरुक्षेत्र की जनता के लिए एक अच्छी खबर सामने आई है. यहां शहर के लोगों को एक या दो नहीं, बल्कि 5 रेलवे फाटकों से मुक्ति मिलने जा रही है. शहर से गुजरने वाली कुरूक्षेत्र- नरवाना रेलवे लाइन पर एलिवेटेड ट्रैक का निर्माण कार्य पूरा होने से लोगों को झांसा रोड, कच्चा घेर, शास्त्री मार्केट, LNJP अस्पताल चौक और थर्ड गेट फाटक पर लगने वाले ट्रैफिक जाम से छुटकारा मिलेगा.

elevated railway track

1 साल बाद होगा शुरू

इस एलिवेटेड ट्रैक पर ट्रेन चलाने का सफलतापूर्वक ट्रायल हो चुका है, लेकिन ट्रैक को शुरू होने में अभी लगभग 1 साल का समय लगेगा. लगभग साढ़े 5 किलोमीटर लंबे ट्रैक का निर्माण कार्य पूरा हो चुका है. इसके साथ ही, ट्रैक पर रेलवे लाइन बिछाने के साथ ओवरहेड वायर लग चुकी है. अब ट्रैक पर प्लेटफॉर्म बनाने का काम चल रहा है, जिसे पूरा होने में लगभग एक साल का समय लगेगा. इसके अलावा, प्लेटफॉर्म के नीचे थानेसर का नया रेलवे स्टेशन भी बनाया जाएगा. इस ट्रैक पर अनुमानित लागत 371 करोड़ रूपए आंकी गई है.

ऊपर प्लेटफॉर्म नीचे स्टेशन

प्रदेश व केंद्र सरकार के इस संयुक्त प्रोजेक्ट का शिलान्यास तत्कालीन मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर ने अगस्त 2019 में किया था. इस प्रोजेक्ट पर अनुमानित लागत 246 करोड़ रुपए थी, जिसमें प्रदेश सरकार 136.45 करोड़ और केंद्रीय रेलवे विभाग की ओर से 109.54 करोड़ रुपए का बजट तय किया गया था.

कुरुक्षेत्र रेलवे स्टेशन अधीक्षक शंकर लाल मीणा ने बताया कि ट्रैक पर 450 मीटर लंबा प्लेटफार्म बनाया जा रहा है और प्लेटफार्म के नीचे रेलवे स्टेशन बनाया जाएगा. नीचे से प्लेटफार्म तक जाने के लिए एक्सीलेटर या सीढ़ियां बनाई जाएगी और इस काम को पूरा करने में करीब 1 साल का समय लग सकता है. इस एलिवेटेड ट्रैक पर ट्रेनों के संचालन से शहर के लोगों को रेलवे फाटक पर लगने वाले ट्रैफिक जाम से निजात मिलेगी.

Avatar of Ajay Sehrawat
Ajay Sehrawat
View all posts

मेरा नाम अजय सहरावत है. मीडिया जगत में पिछले 6 साल से काम कर रहा हूँ. बीते साढ़े 5 साल से Haryana E Khabar डिजिटल न्यूज़ वेबसाइट के लिए बतौर कंटेंट राइटर के पद पर काम कर रहा हूँ.