कैथल | हरियाणा के कैथल जिले के माता गेट स्थित मेरी गोल्ड स्कूल में आस्था का एक अनोखा उदाहरण देखने को मिला है. यहां स्कूल में वार्षिक परीक्षा परिणाम घोषित किया गया, जिसमें भगवान लड्डू गोपाल ने 500 में से 500 अंक लेकर कक्षा में टॉप किया है. हर कोई अब भगवान के प्रति इस आस्था को देखकर हैरान है. दरअसल जिन अभिभावकों ने लड्डू गोपाल का दाखिला करवाया हुआ है उनकी धार्मिक आस्था को ध्यान में रखते हुए भगवान लड्डू गोपाल की जगह जरूरतमंद बच्चे को स्कूल मैनेजमेंट की तरफ से पढ़ाया जाता है. लेकिन इस विद्यार्थी का परीक्षा परिणाम भगवान लड्डू गोपाल के परिणाम से अलग रखा जाता है.
लड्डू गोपाल का हुआ छठी कक्षा में दाखिला
पांचवी कक्षा को पास करने के बाद अब भगवान लड्डू गोपाल का छठी कक्षा में दाखिला करवा दिया गया है. कैथल शहर के सीवन गेट निवासी डॉ. संजीव वशिष्ठ ने यह दाखिला करवाया है. उनकी जगह पर छठी कक्षा के किसी जरूरतमंद बच्चे को पढ़ाई करवाई जाएगी. डॉ. संजीव वशिष्ठ ने बताया कि लड्डू गोपाल उनके परिवार का हिस्सा है और उन्होंने इसी कारण उनका स्कूल में दाखिला करवाया है. उनका परिवार भगवान में गहरी आस्था रखता है.
हर महीने भरते हैं फीस
वह अगस्त 2013 में लड्डू गोपाल को चंदाना गेट में हो रहे कीर्तन से अपने घर लाए थे. 3 साल के बाद 2016 में उन्होंने शहर के मेरीगोल्ड पब्लिक स्कूल में लड्डू गोपाल के दाखिले के लिए आवेदन किया. इस पर स्कूल प्रबंधक सुरेंद्र अरोड़ा असमंजस में पड़ गए. इसके बाद तत्कालीन डिप्टी डीईओ शमशेर सिंह सिरोही ने अभिभावक की धार्मिक भावना को देखते हुए लड्डू गोपाल का सांकेतिक दाखिला करने की इजाजत दे दी.
उन्होंने अभिभावक के सामने एक छोटी सी शर्त रखी कि लड्डू गोपाल के स्थान पर एक जरूरतमंद बच्चे की फीस अभिभावकों द्वारा भरी जाए. इस प्रस्ताव को अभिभावक संजीव ने सहर्ष स्वीकार कर लिया. तब से वह साल दर साल लड्डू गोपाल का दाखिला स्कूल में करवा रहे हैं और ₹800 की मासिक फीस भरते हैं.
