हरियाणा में चौटाला परिवार के एक होने पर लगा पूर्ण विराम, अजय चौटाला ने बता दी वजह

चंडीगढ़ | हरियाणा में राजनीतिक तौर पर चौटाला परिवार के एक होने की संभावनाओं पर पूर्ण रूप से विराम लग गया है. मंगलवार को एक निजी कार्यक्रम में झज्जर पहुंचे जननायक जनता पार्टी (JJP) के सुप्रीमो अजय चौटाला ने कहा कि इंडियन नेशनल लोकदल पार्टी (INLD) और JJP का मेल होना मुश्किल ही नहीं बल्कि नामुमकिन है.

ajay chautala

हमारी तरफ से चैप्टर क्लोज

JJP नेता अजय चौटाला ने कहा कि इंडियन नेशनल लोकदल पार्टी और जननायक जनता पार्टी दोनों ही पार्टियों की रेलगाड़ी की तरह अलग-अलग पटरियां है. उनकी तरफ से ये चैप्टर अब पूरी तरह से क्लोज किया जा चुका है. अजय चौटाला के इस बयान से उन लाखों लोगों की उम्मीदों को झटका लगा है, जो आज भी चौधरी देवीलाल परिवार में अपनी आस्था रखते हैं.

अभी हाल ही में हुए लोकसभा और विधानसभा चुनाव में INLD और JJP के बेहद खराब प्रदर्शन के बाद कयास लगाए जा रहे थे कि चौटाला परिवार अपने तमाम राजनीतिक मतभेद भुलाकर एक हो सकता है. इनेलो सुप्रीमो ओमप्रकाश चौटाला के निधन के बाद इन संभावनाओं ने जोर पकड़ा था लेकिन अब अजय चौटाला के बयान ने दोनों पार्टियों के एक होने की संभावना पर पूरी तरह से विराम लगा दिया है.

यह भी पढ़े -  हरियाणा में PG करने वाले डॉक्टरों के लिए खुशखबरी, बॉन्ड और ट्रांसफर से मिली राहत

2018 में JJP का गठन

दुष्यंत चौटाला ने INLD से अलग होकर दिसंबर 2018 में नई पार्टी JJP बनाई थी. अगले साल हुए लोकसभा चुनाव में दोनों ही पार्टियों को किसी एक सीट पर भी जीत हासिल नहीं हुई. विधानसभा चुनाव में JJP 10 सीटों पर जीत हासिल करने में कामयाब रही थी, जबकि बीजेपी को 40 सीटों पर जीत मिली थी.

सत्ता हासिल करने के बहुमत से दूर बीजेपी ने JJP के साथ मिलकर सरकार बनाई थी और दुष्यंत चौटाला इस सरकार में डिप्टी सीएम बने थे. 2024 में सीट शेयरिंग पर सहमति नहीं बनने पर दोनों पार्टियों का गठबंधन टूट गया. 2024 के लोकसभा और विधानसभा चुनाव में JJP एक भी सीट पर जीत हासिल नहीं कर पाई. वहीं, इनेलो को विधानसभा चुनाव में 2 सीटों पर जीत मिली थी.

Avatar of Ajay Sehrawat
Ajay Sehrawat
View all posts

मेरा नाम अजय सहरावत है. मीडिया जगत में पिछले 6 साल से काम कर रहा हूँ. बीते साढ़े 5 साल से Haryana E Khabar डिजिटल न्यूज़ वेबसाइट के लिए बतौर कंटेंट राइटर के पद पर काम कर रहा हूँ.