हिसार | हरियाणा के हिसार जिले के लिए एक गौरवमई खबर सामने आई है. यहां गांव कोहली की बेटी मनीषा (Manisha) को आयरलैंड में एक प्रतिष्ठित इंटरनेशनल सम्मेलन में शोध प्रस्तुति का सौभाग्य प्राप्त हुआ है. डबलिन सिटी यूनिवर्सिटी में आयोजित होने वाले 8वें वार्षिक साउथ एशियन कॉन्फ्रेंस में मनीषा अपना शोध प्रस्तुत करेगी.
खेल संस्कृति और लैंगिक पहचान पर काम
वर्तमान में मनीषा पंजाब यूनिवर्सिटी, चंडीगढ़ से PhD की शिक्षा ग्रहण कर रही है. उनका शोध विषय भारत में खेल फिल्मों की सांस्कृतिक काव्यशास्त्र हैं. इसमें वह हरियाणा की खेल संस्कृति और लैंगिक पहचान पर काम कर रही हैं. डबलिन सम्मेलन में मनीषा “संघर्ष, अवसर और विजयः भारतीय खेलों में हरियाणा की भूमिका” विषय पर अपना शोध प्रस्तुत करेंगी. उन्होंने गर्वनमेंट कॉलेज, हिसार से इंग्लिश में MA की डिग्री हासिल की है.
कई विश्वविद्यालयों में दे चुकी प्रस्तुति
कुरूक्षेत्र यूनिवर्सिटी से एम.फिल. की डिग्री हासिल कर चुकी मनीषा देशभर के कई विश्वविद्यालयों में खेल और लैंगिक विषयों पर शोध प्रस्तुत कर चुकी हैं. मनीषा का कहना है कि यह मंच हरियाणा की खेल संस्कृति को इंटरनेशनल स्तर पर नई पहचान दिलाएगा और साथ ही इसमें महिलाओं की भूमिका को वैश्विक स्तर पर प्रस्तुत करने का अवसर मिलेगा. यह सम्मेलन आयरलैंड इंडिया इंस्टीट्यूट द्वारा आयोजित किया जा रहा है.
