चंडीगढ़ | जैसे ही छुट्टियों का दौर शुरू होता है, तो आम तौर पर हर भारतीय परिवार बाहर घूमने जाना पसंद करते हैं. आज हम आपको हरियाणा के पंचकूला में स्थित कुछ ऐसी जगह के नाम बताएंगे, जहां पर आप अपने परिवार के साथ काफी अच्छा समय बिता पाएंगे. हर एक जगह अपनी खासियत के कारण मशहूर है. यहां आकर आप कुछ देर के लिए रोजमर्रा की भगदड़ भरी जिंदगी से पीछा छुड़ा छुड़ा लेंगे.
पंचकूला टूरिस्ट प्लेस
एक समय ऐसा था जब लोग घूमने फिरने के लिए जम्मू कश्मीर जैसे पहाड़ी इलाकों को ही वरीयता देते थे, लेकिन अब समय बदला है और हरियाणा प्रदेश में भी पर्यटन के लिहाज से काफी बदलाव हुए हैं. प्रदेश के पंचकूला जिले में भी सरकार ने पर्यटन के तौर पर काफी कुछ काम किया है. इससे इस जगह की महत्ता और ज्यादा बढ़ चुकी है. यहां स्थित ऐतिहासिक स्थल और प्राचीन मंदिर घूमने फिरने के शौकीन लोगों के लिए किसी जन्नत से कम नहीं है. पंचकूला में कई टूरिस्ट प्लेस हैं, जहां जाकर आप मानसिक शांति के साथ आध्यात्मिकता का अनुभव भी करेंगे.
एडवेंचर और आध्यात्मिकता का बेजोड़ संगम
पंचकूला में हरियाणा का एकमात्र हिल स्टेशन मोरनी हिल्स स्थित है, जहां आप ट्रैकिंग, बोटिंग, पैराग्लाइडिंग जैसे एडवेंचरस स्पोर्ट्स का आनंद ले सकते हैं. यहां माता मनसा देवी का पवित्र मंदिर है. धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, यह माता सती के शक्तिपीठों में से एक माना जाता है. हर साल हजारों की संख्या में यहां श्रद्धालु दर्शन करने के लिए आते हैं. इसके अलावा, यहां स्थित काली माता का प्राचीन मंदिर भी काफी प्रसिद्ध है. भक्तों के बीच यह आध्यात्मिक आस्था का केंद्र बना हुआ है.
प्राकृतिक नज़ारों के हो जाएंगे दीवाने
पंचकूला में ही 350 साल पुराना रामगढ़ का किला है, जो इतिहास प्रेमियों के लिए काफी दिलचस्प जगह साबित हो सकता है. पंचकूला से 11 किलोमीटर की दूरी पर सुखना लेक स्थित है, जो कि हिमालय की तलहटी में बसी है. यहां की प्राकृतिक सुंदरता लोगों का मन मोह लेती है. यहां आकर पर्यटक बोटिंग का भी लुत्फ उठा सकते हैं. यहां स्थित गोल्फ क्लब गोल्फ लवर के लिए एक बेहतरीन जगह है. हरियाली और शांत वातावरण से परिपूर्ण यह जगह आपको एक अलग ही फील देगी.
