जींद | हरियाणा के जींद जिले में खिलाड़ियों के लिए एक अच्छी खबर सामने आई है. यहां शहर के एकलव्य स्टेडियम में पौने 10 करोड़ रुपए की लागत राशि से सिंथेटिक ट्रैक बिछाने का काम शुरू कर दिया गया है. शुक्रवार को डिप्टी स्पीकर एवं जींद विधानसभा क्षेत्र से बीजेपी विधायक डॉ कृष्ण मिढ्ढा ने नारियल फोड़कर इस प्रोजेक्ट का शिलान्यास किया.
खिलाड़ियों को मिलेगी बेहतर सुविधाएं
जींद के एकलव्य स्टेडियम में सिंथेटिक ट्रैक बनने से जिले के खिलाड़ियों को प्रैक्टिस के लिए नरवाना या फिर दूसरे शहरों तक भाग- दौड़ नहीं करनी पड़ेगी. वर्तमान में नरवाना के नवदीप स्टेडियम में सिंथेटिक ट्रैक हैं, जहां जींद के खिलाड़ी 55 किलोमीटर की दूरी तय कर अभ्यास करने पहुंचते हैं. अब एकलव्य स्टेडियम में सिंथेटिक ट्रैक बिछने पर खिलाड़ी दौड़, ऊंची व लंबी कूद, जैवलिन और शॉट पुट जैसे खेलों का अभ्यास कर सकेंगे. 400 मीटर के इस सिंथेटिक ट्रैक की करीब 12 मीटर चौड़ाई रहेगी.
सिंथेटिक ट्रैक पर मिट्टी के ग्राउंड की अपेक्षा चोटिल होने की कम संभावना रहती है, तो वहीं खिलाड़ियों की तकनीक में भी सुधार आता है. वर्तमान में डिप्टी स्पीकर डॉ कृष्ण मिढ्ढा ने खिलाड़ियों के लिए एकलव्य स्टेडियम में सिंथेटिक ट्रैक बिछाने की बात कही थी, जिसे तत्कालीन मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर ने स्वीकार करते हुए सिंथेटिक ट्रैक बिछाने का ऐलान किया था. अब नगर परिषद् द्वारा एकलव्य स्टेडियम में सिंथेटिक ट्रैक बिछाने का टेंडर लगाया गया था. जिसे डिप्टी स्पीकर डॉ कृष्ण मिढ्ढा द्वारा मंजूरी दिलाई गई है.
तकनीक में होगा सुधार
डिप्टी स्पीकर डॉ कृष्ण मिढ्ढा ने इस अवसर पर कहा कि जिले के स्टेडियम में सिंथेटिक ट्रैक बिछने पर यहां के खिलाड़ी खुद को नेशनल और इंटरनेशनल लेवल की प्रतियोगिताओं के लिए तैयार कर सकेंगे. उन्हें प्रैक्टिस करने के लिए बेहतर सुविधा मिलेगी. सिंथेटिक ट्रैक पर प्रैक्टिस करने से खिलाड़ियों को इंजरी कम होगी और उनकी तकनीक में भी सुधार देखने को मिलेगा.
