चंडीगढ़ | हरियाणा में इलेक्शन कमीशन (EC) में नियुक्तियों का रास्ता साफ हो गया है. बता दें कि प्रमुख विपक्षी दल कांग्रेस पार्टी ने सिलेक्शन कमेटी के लिए नेता प्रतिपक्ष न होने पर बतौर प्रतिनिधि पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा का नाम तय कर दिया है. कमेटी का कोरम पूरा होने के बाद सीएम नायब सैनी ने बैठक बुला ली है.
मिली जानकारी के अनुसार, इस बैठक में 7 सूचना आयुक्त और एक मुख्य सूचना आयुक्त के नाम पर मुहर लगाई जाएगी. मुख्य सचिव अनुराग रस्तोगी की अध्यक्षता वाली कमेटी पहले ही इन वैधानिक पदों के लिए तीन गुना यानि 24 नाम शॉर्टलिस्ट कर चुकी हैं.
कमेटी में मंत्री सीएम करेंगे मनोनीत
नियमानुसार सूचना आयुक्त के चयन के लिए मुख्यमंत्री की अध्यक्षता वाली कमेटी में नेता प्रतिपक्ष का होना जरूरी है. यदि नेता प्रतिपक्ष नही है, तो सबसे बड़े विपक्षी दल से प्रतिनिधि का नाम पूछा जाता है. इसी महीने की 1 तारीख को प्रदेश सरकार की ओर से कांग्रेस पार्टी को पत्र लिखकर नेता प्रतिपक्ष या प्रतिनिधि का नाम पूछा गया था. इसके लिए 2 सप्ताह का समय दिया गया था, लेकिन कांग्रेस किसी भी नाम पर फैसला नहीं कर पा रही थी. अब कांग्रेस ने सरकार की इस कमेटी की बैठक में शामिल होने के लिए पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र हुड्डा को अधिकृत किया है. इस कमेटी में एक मंत्री को सीएम नायब सैनी द्वारा मनोनीत किया जाएगा.
आदेश किया जारी
राजस्थान के वरिष्ठ पत्रकार और वर्तमान में हरियाणा के राज्य सूचना आयुक्त प्रदीप शेखावत को हरियाणा सरकार ने राज्य के मुख्य सूचना आयुक्त का अतिरिक्त कार्यभार सौंपा है. सीएम नायब सैनी के निर्देश पर 16 मई की देर रात हरियाणा के मुख्य सचिव अनुराग रस्तोगी की ओर से यह आदेश जारी किया गया है.
