रोहतक | हरियाणा में रेलयात्रियों के लिए एक और अच्छी खबर सामने आई है. रोहतक लोकसभा सीट से कांग्रेस सांसद दीपेंद्र हुड्डा की मेहनत रंग लाती दिख रही है. बता दें कि उन्होंने केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव को पत्र लिखकर रोहतक से हिसार के बीच नई सुपरफास्ट ट्रेन संचालित करने की मांग की थी, जिसपर रेल मंत्रालय ने संज्ञान लिया है.
जल्द मिलेगी नई ट्रेन की सौगात
रेलमंत्री अश्विनी वैष्णव ने रोहतक- हिसार सुपरफास्ट ट्रेन संचालित किए जाने के लिए संबंधित निदेशालय को आवश्यक निर्देश दिए हैं. सांसद दीपेंद्र हुड्डा को पत्र लिखकर उन्होंने इस बात की जानकारी दी है. बता दें कि कि दीपेंद्र हुड्डा ने पत्र में लिखा था कि रोहतक- हिसार के बीच एक सुपरफास्ट ट्रेन सेवा की तत्काल आवश्यकता है. उन्होंने विश्वास जताते हुए कहा कि जल्दी ही ये ट्रेन पटरी पर होगी.
कांग्रेस सांसद दीपेंद्र हुड्डा ने कहा कि रोहतक- हिसार रेलवे लाइन पर नई सुपरफास्ट ट्रेन संचालित होने से बेहतर रेल सेवाएं क्षेत्र के आर्थिक, शैक्षणिक और वाणिज्यिक विकास में महत्वपूर्ण भूमिका अदा करेगी. इस रूट पर रोजाना हजारों की संख्या में लोग आवागमन करते हैं. जिनमें स्टूडेंट्स, पीजीआई आने वाले, व्यापारी और अन्य कार्यों से आने वाले लोग शामिल हैं.
सफर में बचेगा समय
उन्होंने कहा कि इस रूट पर मौजूदा ट्रेनों की संख्या सीमित है जिसके चलते यात्रियों को असुविधा झेलनी पड़ती है. ऐसे में इस रूट पर सुपरफास्ट ट्रेन की सुविधा शुरू होने पर रेल कनेक्टिविटी मजबूत होगी. इसके साथ ही, यात्रा में लगने वाले समय में बचत होगी. लोगों को सार्वजनिक परिवहन के रूप में एक और तेज गति का विकल्प मिलेगा.
