महेंद्रगढ़ | हरियाणा में हर साल स्कूली विद्यार्थियों के लिए समर वेकेशन की घोषणा की जाती है. अबकी बार भी गर्मी की छुट्टियों का ऐलान हो चुका है. अब बच्चों से लेकर बड़े तक सब छुट्टियों में घूमने का प्लान बना रहे हैं. ज्यादातर लोग हिल स्टेशन पर घूमने की इच्छा रखते हैं और उत्तराखंड, नैनीताल आदि जगहों पर घूमना पसंद करते हैं. अगर आप हरियाणा में रहते हैं, तो आपको इतनी दूर जाने की जरूरत नहीं है. आप हरियाणा में ही स्थित हिल स्टेशन पर घूमने जा सकते हैं.
एक तरफ हरियाणा, दूसरी तरफ राजस्थान
ऐसा ही एक हिल स्टेशन है धोसी पहाड़ी, जहां आप अपने परिवार वालों के साथ घूमने का प्लान बना सकते हैं. फोटोशूट करने के लिए भी यह काफी अच्छी जगह मानी जाती है. कुछ लोग यहां प्री वेडिंग शूट और मॉडल फोटोशूट के लिए भी पहुंचते हैं. हरियाणा के नारनौल में स्थित इस पहाड़ी को राज्य की सबसे ऊंची पहाड़ी माना जाता है. 740 मीटर ऊंची इस पहाड़ी के एक तरफ हरियाणा और दूसरी तरफ राजस्थान लगता है. यहां एक काफी खूबसूरत तालाब है, जहां पर आप अपनी फैमिली के साथ सुकून के पल बिता सकते हैं.
महाभारत काल से जुड़ा इतिहास
जल्द ही, यहां रोप वे का आनंद भी उठाया जा सकेगा. यहां 40 करोड़ रुपए की लागत से रोप वे तैयार किया जा रहा है. इसे स्वीडन की लेटेस्ट टेक्निक की सहायता से विकसित किया जाएगा. ऐसा माना जा रहा है कि इससे यहां पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा.
बात करें अगर इसके इतिहास की, तो यह महाभारत काल से जुड़ा हुआ माना जाता है. ऐसी मान्यताएं हैं कि इसकी उत्पत्ति त्रेता युग में हुई थी. पांडवों ने अज्ञातवास के दौरान कुछ समय यहां बिताया था. पास में ही धुंसरा नामक गांव है जिसको लेकर ऐसा मानते हैं कि यहां वैदिक काल में ऋषि च्यवन की तपोस्थली होती थी. यही उन्होंने च्यवनप्राश बनाया था.
