चंडीगढ़ | लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी (Rahul Gandhi) आज चंडीगढ़ पहुंचे थे, जहां उन्होंने करीब 3 घंटे तक चंडीगढ़ स्थित कांग्रेस पार्टी के प्रदेश कार्यालय में ‘संगठन सृजन कार्यक्रम’ के तहत हरियाणा के नेताओं और ऑब्जर्वर की मीटिंग ली. इस बैठक में पूर्व सीएम भूपेंद्र हुड्डा, सिरसा लोकसभा सीट से कांग्रेस सांसद कुमारी शैलजा, राज्यसभा सांसद रणदीप सुरजेवाला समेत 17 सीनियर नेता उपस्थित रहे.
संगठन खड़ा करने पर फोकस
इस मीटिंग के बाद राहुल गांधी ने कांग्रेस पार्टी का हरियाणा में संगठन खड़ा करने के लिए हाईकमान की ओर से नियुक्त 22 जिला ऑब्जर्वरों के साथ मीटिंग कर उनका फीडबैक लिया. इसके बाद राहुल गांधी रणदीप सुरजेवाला और कुमारी शैलजा के साथ चंडीगढ़ एयरपोर्ट के लिए निकल गए. अब मीटिंग में क्या- क्या बातें हुई, उसे लेकर प्रदेश प्रभारी बीके हरिप्रसाद ने शाम 4 बजे प्रेस कॉन्फ्रेंस बुलाई है.
गुटबाजी खत्म करना सबसे बड़ी प्राथमिकता
हरियाणा में कांग्रेस पार्टी पिछले 10 साल से ज्यादा समय से बिना संगठन के चल रही है. इसकी सबसे बड़ी वजह पार्टी के शीर्ष नेतृत्व में गुटबाजी हैं. इसी वजह से पार्टी को जबरदस्त माहौल के बावजूद भी हरियाणा विधानसभा चुनाव में हार का सामना करना पड़ा. राजनीतिक एक्सपर्ट का कहना है कि राहुल गांधी अपने चंडीगढ़ दौरे के दौरान कांग्रेस के सीनियर नेताओं से मिलकर गुटबाजी खत्म करने और संगठन को मजबूत करने का रोड मैप तैयार करने के निर्देश देकर गए हैं.
राहुल गांधी का सख्त संदेश
‘संगठन सृजन कार्यक्रम’ की बैठक में राहुल गांधी ने कहा कि संगठन खड़ा करने में किसी नेता की सिफारिश नहीं चलेगी. अगर किसी ने ऐसा किया तो उसके खिलाफ सख्त एक्शन लिया जाएगा. उन्होंने कहा कि ग्राउंड लेवल पर ऐसे वर्कर खोजे जाएं, जो कांग्रेस पार्टी के लिए काम करते हो, ना की नेता के लिए.
प्रेस कॉन्फ्रेंस की बड़ी बातें
- हरियाणा में संगठन नहीं होने से बेचैनी थी. राहुल गांधी का आना यह दिखाता है कि कांग्रेस संगठन को लेकर गंभीर है.
- बीके हरि प्रसाद ने कहा कि गुटबाजी का नाम कांग्रेस के काम के बीच नहीं आना चाहिए. अगर आएगा तो एक्शन लिया जाएगा. ऐसा राहुल गांधी ने कहा है.
- उन्होंने कहा कि हर जिले में 6 लोगों का पैनल बनेगा. 35 से 55 साल के लोग जिला अध्यक्ष बन सकते हैं. कोई बड़ा समाजसेवी और खिलाड़ी भी जिलाध्यक्ष के लिए आवेदन कर सकता है.
- बीके हरि प्रसाद ने कहा कि गुजरात से संगठन सृजन अभियान शुरू हुआ है. पहले नेता प्रतिपक्ष (CLP) और पीसीसी नेता जिलाध्यक्ष का चुनाव करते थे चुनते थे लेकिन अब 30 जून से पहले जिला अध्यक्ष बनाएंगे.
- उन्होंने कहा कि एससी- एसटी की महिलाओं पर भी फोकस किया जाए. जो लोग चुनाव के दौरान पार्टी छोड़कर चले गए थे, वो दोबारा ज्वाइन कर सकते हैं.
