चंडीगढ़ | हरियाणा कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष की घोषणा अब जिला अध्यक्षों के चयन प्रक्रिया के बाद की जाएगी. हाल ही में राहुल गांधी ने चंडीगढ़ दौरा किया था. इस दौरान यह संकेत मिले थे कि जिला अध्यक्षों की घोषणा से पहले प्रदेश अध्यक्ष का नाम घोषित किया जा सकता है. लेकिन, अब कांग्रेस द्वारा यह फैसला किया गया है कि जिला अध्यक्षों के नाम घोषित होने के बाद ही प्रदेश अध्यक्ष का नाम तय किया जाएगा. इसके बाद विधायक दल के नेता के नाम पर भी विचार-विमर्श किया जा सकता है.
इन समीकरणों को ध्यान में रखते हुए होगा चयन
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, जातीय समीकरणों को ध्यान में रखते हुए प्रदेश अध्यक्ष का नाम तय किया जाएगा. हालांकि इस पद के लिए पार्टी में आधा दर्जन दावेदार माने जा रहे हैं. सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार राहुल गांधी जिस प्रकार प्रदेश में पार्टी संगठन के गठन में रुचि ले रहे हैं, उसे देखकर यह स्पष्ट होता है कि इस बार प्रदेश अध्यक्ष के चुनाव में किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं बरती जाएगी. इसके लिए पूरी सतर्कता बरती जाएगी और जातीय संतुलन के साथ-साथ दावेदार का जनाधार और संगठन पर पकड़ को प्राथमिकता दी जाएगी.
कांग्रेस प्रभारी ने दी ये जानकारी
पार्टी प्रभारी बीके हरिप्रसाद ने केंद्रीय पर्यवेक्षकों को साफ तौर पर बताया है कि यदि उनके खिलाफ कोई भी शिकायत मिलती है, तो राहुल गांधी ने उन्हें बिना अनुमति कार्रवाई करने की खुली छूट मिली है. हालांकि, अब तक पर्यवेक्षकों के खिलाफ कोई शिकायत नहीं मिली है. बीके हरिप्रसाद का यह भी मानना है कि पार्टी में मौजूद गुटबाजी और अनुशासनहीनता संगठन की सेहत के लिए नुकसानदायक नहीं है. उन्होंने कहा कि चाहे कोई भी दावेदार किसी गुट से जुड़ा हो या किसी नेता के नारे लगाता हो, लेकिन सबसे ज़रूरी बात है कि वह कांग्रेस संगठन के लिए काम करे.
जुलाई में हो सकती है घोषणा
सूत्रों के अनुसार, 30 जून तक जिला अध्यक्षों की चयन प्रक्रिया पूरी कर ली जाएगी. इसके बाद 15 जुलाई तक जिला अध्यक्षों की औपचारिक नियुक्ति का काम भी पूरा हो जाएगा. इसके बाद प्रदेश अध्यक्ष के नाम पर अंतिम चर्चा की जाएगी.
इस पद के लिए दीपेंद्र हुड्डा, कुमारी शैलजा और रणदीप सुरजेवाला के बीच मुकाबला माना जा रहा है. वहीं कांग्रेस के कार्यकारी प्रधान जितेंद्र भारद्वाज और पूर्व विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप शर्मा के नाम भी चर्चा में हैं. यह भी कयास लगाए जा रहे हैं कि यदि शैलजा को प्रदेश अध्यक्ष बनाया जाता है, तो ऐसे में पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा को विपक्ष का नेता बनाया जाना तय माना जा रहा है.
