फरीदाबाद को जल्द मिलेगी एलिवेटेड पुल की सौगात, 3 एक्सप्रेसवे से देगा कनेक्टिविटी; गांवों से सीधे पहुंचेंगे हाइवे

फरीदाबाद | राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली से सटे फरीदाबाद के बल्लभगढ़ से लोगों के लिए एक अच्छी खबर सामने आई है. यहां मोहना रोड पर एलिवेटेड पुल निर्माण कार्य तेज गति से आगे बढ़ रहा है. इस पुल को दिल्ली- मुंबई एक्सप्रेसवे से जोड़ने के लिए मोहना रोड की खुदाई का काम शुरू हो चुका है.

Elevated Road

इस प्रोजेक्ट के पूरा होने पर न केवल लाखों लोगों को ट्रैफिक जाम से मुक्ति मिलेगी, बल्कि आसपास के एक दर्जन से ज्यादा गांवों और इंडस्ट्रियल मॉडल टाउनशिप (IMT) की कनेक्टिविटी भी बेहतर होगी.

एलिवेटेड पुल का रूट

बल्लभगढ़ के मोहना रोड पर लोक निर्माण विभाग (PWD) द्वारा करीब 2.75 किलोमीटर लंबे एलिवेटेड पुल का निर्माण कराया जा रहा है. 256 करोड़ रुपए की लागत से निर्माणधीन सेक्टर-64 से लेकर दशहरा मैदान तक यह एलिवेटेड पुल मोहना रोड के ऊपर से होकर गुजरेगा. दशहरा मैदान से शुरू होकर यह पुल आदर्श नगर थाने के पास मोहना रोड पर नीचे उतरेगा.

अब इस एलिवेटेड पुल को दिल्ली- मुंबई एक्सप्रेसवे, ग्रीनफील्ड एक्सप्रेसवे और कुंडली- गाजियाबाद- पलवल (KGP) एक्सप्रेसवे से जोड़ने का काम भी शुरू हो गया है. मोहना रोड को फोरलेन बनाया जा रहा है, ताकि आने वाले समय में इस पूरे इलाके को सीधे 3 बड़े एक्सप्रेसवे से कनेक्टिविटी मिल जाए. इससे फरीदाबाद से बाहर निकलने वाले वाहन सीधे हाईवे पर पहुंच सकेंगे और हाईवे से आने वाले वाहन सीधे मोहना रोड और आसपास के गांवों तक आसानी से पहुंच पाएंगे.

दर्जनों गांवों को फायदा

इस एलिवेटेड पुल के निर्माण से चंदावली, मच्छगर, दयालपुर, बुखारपुर, सोतई, बहबलपुर, फतेहपुर बिल्लौच, जुन्हैड़ा, कौराली, अटाली, पन्हैड़ा कलां, पन्हैड़ा खुर्द, गढ़खेड़ा, नरियाला, हीरपुर, छांयसा, मोहना, मोठूका, नंगला, नरहावली और बागरपुर खादर जैसे गांवों की आबादी को सीधा फायदा पहुंचेगा.

इस पुल के जरिए न सिर्फ कई एक्सप्रेस-वे से कनेक्टिविटी मजबूत होगी, बल्कि आईएमटी में नए उद्योगों को भी बढ़ावा मिलेगा. जब यहां नए उद्योग स्थापित होंगे तो क्षेत्र के लोगों सहित हजारों लोगों के लिए प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रूप से रोजगार के अवसर पैदा होंगे. इस पुल के बनने से बाहरी वाहन ऊपर से गुजर सकेंगे, तो स्थानीय लोगों को ट्रैफिक जाम की जकड़न से छुटकारा मिलेगा.

Avatar of Ajay Sehrawat
Ajay Sehrawat
View all posts

मेरा नाम अजय सहरावत है. मीडिया जगत में पिछले 6 साल से काम कर रहा हूँ. बीते साढ़े 5 साल से Haryana E Khabar डिजिटल न्यूज़ वेबसाइट के लिए बतौर कंटेंट राइटर के पद पर काम कर रहा हूँ.