हिसार | हरियाणा में कल यानि 11 जुलाई से स्वास्थ्य विभाग द्वारा उज्जवल दृष्टि योजना की शुरुआत की जाएगी. इस योजना का शुभारंभ हिसार की गुरू जम्भेश्वर यूनिवर्सिटी (GJU) से होगी. स्वास्थ्य मंत्री आरती राव इस योजना को हरी झंडी दिखाने के लिए कल हिसार पहुंचेगी. दृष्टि हीनता को जड़ से खत्म करने के लिए इस अभियान को चलाया जा रहा है.
निःशुल्क रहेगी आंखों की जांच
GJU में आयोजित होने वाले इस कार्यक्रम के लिए अभी तक 100 लोगों की स्क्रीनिंग की जा चुकी है. इस योजना के तहत, स्कूली बच्चों की आंखों की जांच के साथ ही अगर उन्हें चश्मे की जरूरत हुई, तो वो दिए जाएंगे. वहीं, सिविल अस्पताल में 45 साल से ज्यादा उम्र के लोगों की आंखों की जांच की जायेगी और जरूरत होने पर उन्हें भी मुफ्त में चश्मे वितरित किए जाएंगे. स्वास्थ्य विभाग की ओर से सिविल अस्पताल में 7 हजार चश्मे भिजवा दिए गए हैं.
सिविल अस्पताल के नेत्र रोग चिकित्सक डॉ विजय कुमार ने बताया कि योजना के तहत 45- 60 साल की उम्र के व्यक्तियों और बच्चों की स्क्रीनिंग की जा रही है. बच्चों व बुजुर्गो की आंखों की जांच के लिए शिविर लगाएं जाएंगे और जरूरतमंद लोगों को चश्मे वितरित किए जाएंगे.
“उज्ज्वल दृष्टि हरियाणा अभियान”
इस अभियान के अंतर्गत स्कूली बच्चों और बुजुर्गों की आंखों का मुफ्त चेकअप तथा नजर के चश्मे मुक्त बांटे जाएंगे l
दिनांक – 11 जुलाई 2025
समय – सुबह 10:00 बजेस्थान – आपके नजदीकी जिला अस्पताल, उप जिला अस्पताल व सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र#Haryana… pic.twitter.com/rv2Jp34Wwk
— Arti Singh Rao (@ArtiSinghRao) July 10, 2025
उन्होंने बताया कि उम्र बढ़ने के साथ- साथ आंखों की रोशनी कम होने लगती है. कुछ लोग इसे मोतियाबिंद रोग समझने लगते है. ऐसे लोगों की आंखों की जांच कर उन्हें चश्मे वितरित किए जाएंगे. इस कार्यक्रम के तहत, शहर के अलग- अलग स्कूलों से बच्चों की आंखों की जांच की जायेगी.
स्वास्थ्य मंत्री वितरित करेगी चश्मे
सिविल अस्पताल, हिसार की CMO डॉ. सपना गहलावत ने बताया कि स्वास्थ्य विभाग के उज्जवल दृष्टि अभियान के तहत 11 जुलाई से सिविल अस्पताल में 40 साल से ऊपर के लोगों की आंखों की जांच कर उन्हें निशुल्क चश्मे वितरित किए जाएंगे. GJU में होने वाले इस कार्यक्रम में स्वास्थ्य मंत्री आरती राव कुछ बुजुर्गो व स्कूली बच्चों को चश्मे वितरित कर इस योजना को हरी झंडी दिखाने का काम करेगी.
