चंडीगढ़ | हरियाणा में मुख्यमंत्री नायब सैनी की अध्यक्षता वाली नवनिर्वाचित भारतीय जनता पार्टी (BJP) की सरकार का गठन हुए 9 महीने से ज्यादा का समय हो चुका हैं. इसको देखते हुए भाजपा ने विधायक दल की बैठक बुलाई है. इस बैठक की अध्यक्षता खुद मुख्यमंत्री करेंगे. बैठक के दौरान मुख्यमंत्री नायब सैनी पार्टी के सभी 48 विधायकों से 9 महीने की सरकार का फीडबैक लेंगे. इसके अलावा, विधानसभा चुनाव के दौरान जारी किए गए संकल्प पत्र में वादों पर भी विधायकों के साथ चर्चा की जाएगी.
इन मुद्दों पर होगी चर्चा
इस बैठक के दौरान बीजेपी प्रदेशाध्यक्ष मोहन लाल बड़ौली भी उपस्थित रहेंगे. मंगलवार यानि कल होने वाली विधायक दल की इस बैठक को लेकर सभी विधायकों को सूचना दे दी गई है. बैठक के दौरान मुख्यमंत्री पार्टी के सभी विधायकों से केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं पर चर्चा करेंगे, ताकि किसी स्तर पर कोई कमी है तो उसे दूर किया जा सके. इस दौरान 2024 के विधानसभा चुनाव में हारी हुई 42 सीटों को लेकर भी मंथन किया जाएगा.
अभी से मिशन 2029 की तैयारियों को शुरू करते हुए बीजेपी ने 4 साल बाद होने वाले विधानसभा चुनाव की रणनीति पर काम करना शुरू कर दिया है. हारी हुई 42 सीटों पर मोर्चाबंदी के लिए पार्टी के मंत्रियों और विधायकों की ड्यूटी लगाई जाएगी. हर विधायक के हिस्से में एक विधानसभा क्षेत्र आएगा. इससे विपक्ष के 42 विधानसभा क्षेत्रों में यह मैसेज देने की कोशिश रहेगी कि सरकार सबका साथ- सबका विकास और हरियाणा में एक समान विकास के अपने सिद्धांत पर अडिग है.
पार्टी विधायकों को मिलेगी यह जिम्मेदारी
इन विधानसभा क्षेत्रों में पार्टी कार्यकर्ताओं के अलावा आम लोगों की समस्याओं को सुनने और उन्हें दूर करने का जिम्मा मंत्रियों और विधायकों को सौंपा जाएगा. मंत्रियों और विधायकों को इन हल्कों में जाना भी पड़ेगा. विपक्ष के हल्कों में दौरों के दौरान मंत्री और विधायक पार्टी के उम्मीदवारों के अलावा वरिष्ठ नेताओं और पदाधिकारियों को भी साथ रखेंगे.
