गुरुग्राम | राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली से सटे गुरुग्राम से एक अच्छी खबर सामने आई है. यहां ट्रैफिक संचालन को सुगम बनाने की दिशा में निरंतर नए प्रयास किए जा रहे हैं. इसी कड़ी में NH- 352W के द्वारका एक्सप्रेसवे से गांव वजीरपुर हिस्से पर अगले महीने से वाहनों की आवाजाही को हरी झंडी दिखा दी जाएगी. इस हिस्से में आ रही ज्यादातर बाधाएं दूर कर ली गई है और 43 किलोमीटर लंबे इस नेशनल हाईवे पर नए साल से वाहनों का संचालन शुरू कर दिया जाएगा. नेशनल हाईवे ऑथोरिटी ऑफ इंडिया (NHAI) ने दावा करते हुए यह जानकारी दी है.
नए हाइवे की सौगात
यह हाइवे द्वारका एक्सप्रेसवे पर सेक्टर- 84 के समीप से शुरू होता है, जो वजीरपुर, गुरुग्राम- पटौदी रोड और पटौदी से होते हुए रेवाड़ी तक जाएगा. इस हाइवे के निर्माण कार्य पर 1,000 करोड़ रुपए की लागत राशि खर्च हो रही है. इस हाइवे के ऊपर 25 फ्लाईओवर और अंडरपास बनाए जा रहे हैं.
द्वारका में से वजीरपुर गांव तक के करीब 6 किलोमीटर लंबे हिस्से में अभी 2 फ्लाईओवर को खोला नहीं गया है. गढ़ी हरसरू फ्लाईओवर के ऊपर से बिजली की हाईटेंशन लाइन निकल रही है, जिसके स्थानांतरण करने की तैयारी की जा रही है.
तोड़े जा रहे नाले
द्वारका एक्सप्रेसवे निर्माणाधीन फ्लाईओवर के ऊपर से बिजली की 3 लाइन जा रही थी. इनमें से 2 को स्थानांतरित किया जा चुका है, जबकि 400 kVA की एक लाइन स्थानांतरित करने की प्रक्रिया चल रही. HSVP की तरफ से इस हिस्से में निर्मित पुराने बरसाती नाले को तोड़ा जा रहा है क्योंकि इसी बरसाती नाले की वजह से सर्विस रोड का निर्माण कार्य अटका हुआ था.
NHAI के आग्रह पर जब HSVP ने इस बरसाती नाले तो नहीं तोड़ा, तो शहरी विकास के प्रधान सलाहकार डीएस ढेसी और GMDA के मुख्य कार्यकारी अधिकारी श्यामल मिश्रा के समक्ष मामले को रखना पड़ा था. इसके बाद इस बरसाती नाले को तोड़ने का काम शुरू हुआ है.
IGI एयरपोर्ट जाना होगा आसान
अगले महीने में NH- 352W के इस हिस्से के खुलने के बाद फर्रुखनगर से दिल्ली स्थित IGI एयरपोर्ट तक जाना आसान हो जाएगा. फर्रुखनगर से लोग गांव वजीरपुर से नए हाईवे पर चढ़ जाएंगे, जिससे एयरपोर्ट तक पहुंचने में लगभग 25 मिनट का समय लगेगा. मौजूदा समय में फर्रुखनगर से यदि किसी को एयरपोर्ट की तरफ जाना होता है तो उसे करीब 1 घंटे का समय लगता है.
इसके लिए लोगों को जर्जर हालत में पहुंच चुकी गुरुग्राम- पटौदी रोड तक आना पड़ता है और यहां से द्वारका एक्सप्रेसवे या दिल्ली- जयपुर हाईवे से होते हुए दिल्ली की तरफ जाना पड़ता है. इस सफर के दौरान लोगों को खासी परेशानी झेलनी पड़ती है.
