सोनीपत | हरियाणा के वर्ल्ड चैंपियन नीरज चोपड़ा की पत्नी हिमानी मोर अब उनका बिजनेस संभालती नजर आएंगी. इसके लिए उन्होंने टेनिस रैकेट छोड़ने का फैसला लिया है. अमेरिका की साउथ- ईस्टर्न लुइसियाना यूनिवर्सिटी से स्पोर्ट्स मैनेजमेंट में पढ़ाई करने वाली हिमानी ने अब टेनिस छोड़ स्पोर्ट्स से संबंधित बिजनेस में अपना करियर बनाने का निर्णय लिया है.
हिमानी ने न्यू हैम्पशायर की फ्रैंकलिन पियर्स यूनिवर्सिटी से स्पोर्ट्स एंड फिटनेस मैनेजमेंट और एचआर मैनेजमेंट में डबल एमबीए किया है. इसके अलावा, वह अमेरिका में पार्ट टाइम सहायक कोच और महिला टेनिस टीम की मैनेजर भी रह चुकी हैं.
हिमानी के पिता ने दी जानकारी
सोनीपत निवासी हिमानी के पिता चांद मोर ने बताया कि उनकी बेटी ने शादी के बाद स्पोर्ट्स छोड़कर बिजनेस संभालने का निर्णय लिया है. उन्हें अमेरिका में स्पोर्ट्स से संबंधित जॉब का डेढ़ करोड़ रुपये सालाना पैकेज ऑफर हुआ था, लेकिन उन्होंने इसे ठुकरा दिया. नीरज और हिमानी यूरोप में हैं, जहां नीरज प्रैक्टिस कर रहे हैं. इस साल 14 से 16 जनवरी के बीच नीरज और हिमानी ने सीक्रेट तरीके से शादी की थी, जिसमें केवल करीबी लोग शामिल हुए थे.
ब्रांड वैल्यू में हुई बढ़ोतरी
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, टोक्यो ओलंपिक के बाद नीरज चोपड़ा की ब्रांड वैल्यू में जबरदस्त बढ़ोतरी हुई है, जो अब 335 करोड़ रुपये तक पहुंच चुकी है. अकेले विज्ञापनों से ही वह सालाना 4 करोड़ रुपये से अधिक की कमाई कर रहे हैं. नीरज कई घरेलू और विदेशी ब्रांड का प्रचार करते हैं. साल 2016 में बेहतरीन प्रदर्शन के आधार पर भारतीय सेना ने उन्हें सीधे जूनियर कमीशन अधिकारी के तौर पर चुना था.
