चंडीगढ़ | हरियाणा में BJP ने 21 अगस्त को विधायक दल की बैठक बुलाई है, जिसमें मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी, कैबिनेट मंत्री और सभी विधायक भी मौजूद रहेंगे. विधानसभा में विपक्ष के हमले से निपटने के विषय में इस बैठक में खास तौर पर मंथन किया जाएगा. इसके अलावा, बीजेपी पार्टी विभिन्न मुद्दों पर विपक्ष से निपटने की तैयारी पर भी चर्चा कर सकती है. वहीं, सरकार कानून व्यवस्था और बाकी विषयों पर भी प्लानिंग कर सकती है.

22 अगस्त से शुरू होगा मानसून सत्र
हरियाणा विधानसभा का मानसून सत्र 22 अगस्त से शुरू हो रहा है. इसे लेकर 22 अगस्त सुबह 11:00 बजे विधानसभा सचिवालय में बिजनेस एडवाइजरी कमेटी की बैठक का आयोजन होगा. इसमें मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी, स्पीकर हरविंदर कल्याण सहित बीएसी के मेंबर शामिल होंगे. इस दौरान सेशन की अवधि तय की जाएगी. मुख्य विपक्षी दल कांग्रेस की तरफ से पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा इस बैठक में शामिल रहेंगे.
राज्यपाल करेंगे सत्र की शुरुआत
22 अगस्त दोपहर 2:00 बजे से राज्य के नव नियुक्त राज्यपाल प्रोफेसर असीम घोष मानसून सत्र की शुरुआत करेंगे. पहले इसे 11 बजे से शुरू करना था लेकिन विधानसभा वर्कशॉप में मिले सुझाव के आधार पर एक दिन में एक ही सत्र का आयोजन करने का फैसला लिया गया. अनुमान है कि मानसून सत्र 26 अगस्त तक चलेगा.
इसकी अवधि 22 अगस्त को सत्र से पहले होने वाली बिजनेस एडवाइजरी कमेटी की बैठक में तय की जाएगी. यदि विपक्ष द्वारा दबाव बनाया जाता है तो सत्र की अवधि 27 अगस्त तक भी तय की जा सकती है. विधानसभा सचिवालय ने विधायकों से सवालों की लिस्ट मांग ली है.