गुरुग्राम | राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली से सटे गुरुग्राम में ट्रैफिक संचालन को सुगम बनाने की दिशा में निरंतर नए प्रयास किए जा रहे हैं. इसी कड़ी में नेशनल हाईवे ऑथोरिटी ऑफ इंडिया (NHAI) ने एक महत्वपूर्ण परियोजना के तहत हीरो होंडा चौक से उमंग भारद्वाज चौक तक सड़क की चौड़ाई बढ़ाने का काम शुरू कर दिया है. इस प्रोजेक्ट पर 200 करोड़ रुपए की लागत राशि खर्च होगी.
सफर करने में होगी आसानी
हीरो होंडा चौक से उमंग भारद्वाज चौक सड़क मार्ग पर ओल्ड गुरुग्राम मेट्रो का निर्माण भी प्रस्तावित है. इस सड़क की गिनती शहर के सबसे बिजी मार्गों में होती है. यहां से रोजाना हजारों की संख्या में वाहन आवाजाही करते हैं. ऐसे में इस सड़क मार्ग की चौड़ाई बढ़ने से न केवल सफर करना आसान हो जाएगा, बल्कि यात्रियों के समय में भी बचत होगी. उन्हें ट्रैफिक जाम से निजात मिलेगी.
NHAI ने सड़क चौड़ीकरण प्रोजेक्ट के तहत स्थानीय प्रशासन के साथ मिलकर रोड किनारे अवैध निर्माणों को हटाने का काम शुरू कर दिया है. स्थानीय लोगों में सरकार की इस कार्रवाई से गुस्सा नजर आ रहा था, लेकिन अधिकारियों ने कहा कि सभी कार्य नियमानुसार किए जा रहे हैं.
सार्वजनिक परिवहन को मजबूती
इस प्रोजेक्ट में फुटपाथ, ड्रेनेज सिस्टम और स्ट्रीट लाइटें जैसी आधुनिक सुविधाएं भी शामिल हैं. इससे स्थानीय लोगों की सुविधाओं में इजाफा होगा और गुरुग्राम में आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा. मेट्रो शुरू होने से शहर की सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था मजबूत होगी और लोगों के लिए शहर के विभिन्न हिस्सों में आवाजाही करने में आसानी हो जाएगी.
