गुरुग्राम | राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली से सटे गुरुग्राम से वाहन चालकों के लिए एक अच्छी खबर सामने आई है. यहां नगर निगम ने जर्जर हालत में पहुंच चुकी सड़कों को गढ्ढों से मुक्ति दिलाने का अभियान शुरू कर दिया है. इसके लिए 50 से ज्यादा सेक्टरों और कालोनियों के लिए 20 करोड़ रुपए की बजट राशि जारी की गई है. नगर निगम के एक अधिकारी ने बताया कि अगले महीने से सड़कों की हालत सुधारने का काम शुरू कर दिया जाएगा, ताकि लोगों को जल्द- से- जल्द परेशानी से राहत मिल सके.
जलभराव से बिगड़ी स्थिति
गुरुग्राम शहर के इन सेक्टरों और कालोनियों में पिछले कुछ महीनों से और फिर मानसून में जलभराव से सड़कों की हालत बेहद खराब हो चुकी है. कई इलाकों में तो सड़कें कम और गढ्ढे ज्यादा दिखाई दे रहे हैं. इसके चलते वाहनों की रफ्तार पर ब्रेक लगा है और आए दिन सड़क हादसे हो रहे हैं. सड़कों की खस्ताहाल स्थिति से स्थानीय निवासी परेशान थे और लगातार प्रशासन से इनकी मरम्मत की मांग कर रहे थे.
नगर निगम ने लोगों की इस परेशानी को गंभीरता से लेते हुए इन सड़कों की मरम्मत की तैयारी पूरी कर ली है. 50% से ज्यादा सड़कों की टेंडर प्रक्रिया भी पूरी हो चुकी है. बाकी सड़कों के लिए भी जल्द ही टेंडर जारी किए जाएंगे और सितंबर से इन सड़कों को गढ्ढा मुक्त करने का काम शुरू किया जाएगा.
सीमेंटेड रोड की भी होगी मरम्मत
इस योजना के तहत न केवल डामर की सड़कें, बल्कि सीमेंटेड सड़कों की भी मरम्मत की जाएगी. इन सड़कों के गढ्ढा मुक्त होने से ट्रैफिक संचालन सुगम होगा और सड़क हादसों पर अंकुश लगेगा. चकाचक सड़कें होने से यात्रा में लगने वाले समय में कमी आएगी.
