चंडीगढ़ | हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सैनी की अध्यक्षता में आज कैबिनेट मीटिंग बुलाई गई थी. इस मीटिंग के बाद प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने बताया कि पंडित दीन दयाल उपाध्याय की जयंती के मौके पर 25 सितंबर 2025 से लाडो लक्ष्मी योजना (Lado Laxami Yojana) को लागू कर दिया जाएगा, जिसके तहत महिलाओं को हर महीने 2100 रुपए की आर्थिक सहायता राशि दी जाएगी. इसके साथ ही, उन्होंने इस योजना से जुड़ी शर्तों की जानकारी देते हुए बताया कि किन महिलाओं को लाडो लक्ष्मी योजना का लाभ मिलेगा.
इन महिलाओं को मिलेगा लाभ
सीएम नायब सैनी ने बताया कि 23 साल या इससे ज्यादा उम्र की महिलाओं को लाडो लक्ष्मी योजना का लाभ मिलेगा. इसमें विवाहित और अविवाहित दोनों तरफ की महिलाओं को लाभ मिलेगा. पहले चरण में उन परिवारों को शामिल किया गया है, जिनकी सालाना आमदनी 1 लाख रुपए से कम हैं. आने वाले समय में चरणबद्ध तरीके से अन्य आय समूह को भी इस योजना में शामिल किया जाएगा. योजना का लाभ लेने के लिए अविवाहित महिला या विवाहित महिला का पति हरियाणा में पिछले 15 साल से मूल निवासी होना चाहिए.
उन्होंने बताया कि इस योजना के तहत एक परिवार में यदि 3 महिलाएं पात्र होगी, तो तीनों को इस योजना के तहत 2100 रुपए प्रति महीना मिलेगा. मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार द्वारा पहले से चलाई जा रही ऐसी 9 योजनाएं, जिनमें आवेदिका को पहले से ही अधिक राशि की पेंशन का लाभ मिल रहा है, उन्हें इस योजना का लाभ नहीं मिलेगा.
मुख्यमंत्री ने कहा कि स्टेज- 3 और 4 कैंसर पीड़ित मरीजों (महिलाओं), सूचीबद्ध 54 दुर्लभ बीमारियों, हीमोफिलिया, थैलेसिलमिया और स्किन सेल से पीड़ित मरीजों को पहले से पेंशन मिल रही है. इन महिलाओं को इस योजना का भी अतिरिक्त लाभ भी मिलेगा. जिस दिन कोई अविवाहित लाभार्थी 45 साल की आयु पूरा करेगी उस दिन वे ऑटोमैटिक विधवा और निराश्रित महिला वित्तीय सहायता योजना के लिए पात्र हों जाएंगी. जिस दिन लाभार्थी महिला 60 वर्ष की आयु की होगी, उस दिन वे ऑटोमैटिक वृद्धावस्था सम्मान भत्ता पेंशन योजना के लिए पात्र हो जाएगी.
जल्द लांच होगा ऐप्लिकेशन
सीएम नायब सैनी ने बताया कि आने वाले एक सप्ताह के भीतर योजना का गजट नोटिफिकेशन जारी कर दिया जाएगा. एक ऐप्लिकेशन लांच की जाएगी, जिसके जरिए पात्र लाभार्थी महिलाएं घर बैठे ही इस योजना के लिए आवेदन कर सकेगी. हर संभावित महिला को फैमिली आईडी में रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर पर SMS कर सूचना दी जाएगी कि आप उस ऐप्लिकेशन पर आवेदन कर दे.
सभी पात्र महिलाओं की सूची सभी पंचायत और वार्डों में प्रकाशित की जाएगी. सभी ग्राम सभाओं और वार्ड सभाओं को सूची पर कोई भी आपत्ति दर्ज करने का अधिकार होगा. उन्होंने बताया कि हमारा अनुमान है कि पहले चरण में लगभग 20 लाख महिलाओं को इस योजना का लाभ मिलेगा.
