गुरुग्राम | हरियाणा के गुरुग्राम में मेट्रो विस्तार का सपना आखिरकार हकीकत बनने जा रहा है. लंबे इंतजार के बाद अब शहर के लोगों को बेहतर कनेक्टिविटी और सुविधाजनक सफर की सौगात मिलने वाली है. 5 सितंबर को प्रस्तावित मेट्रो विस्तार परियोजना का भूमि पूजन किया जाएगा, जिससे गुरुग्राम की परिवहन व्यवस्था को नई दिशा मिलेगी.
भूमि पूजन का आयोजन गुरुग्राम महानगर विकास प्राधिकरण (जीएमडीए) कार्यालय, सेक्टर- 44 के सामने पार्किंग क्षेत्र में होगा. इस मौके पर केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य तथा ऊर्जा मंत्री मनोहर लाल और हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी भूमि पूजन करेंगे.
डीसी ने किया निरीक्षण
स्थल का निरीक्षण कर डीसी अजय कुमार ने अधिकारियों को आवश्यक दिशा- निर्देश दिए और तैयारियों की समीक्षा की. उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी सुबह जिला कष्ट निवारण समिति की बैठक के बाद इस ऐतिहासिक कार्यक्रम में शामिल होंगे.
कार्यक्रम में केंद्रीय राज्य मंत्री राव इंद्रजीत सिंह, उद्योग एवं वाणिज्य मंत्री राव नरबीर सिंह, गुरुग्राम विधायक मुकेश शर्मा, सोहना विधायक तेजपाल तंवर और पटौदी विधायक बिमला चौधरी भी मौजूद रहेंगे.
सीएम करेंगे संबोधित
भूमि पूजन के बाद गुरुग्राम विश्वविद्यालय परिसर में एक जनसभा होगी, जहां मुख्यमंत्री जनता को संबोधित करेंगे. इस दौरान वे मेट्रो विस्तार से शहर को होने वाले लाभों की जानकारी देंगे. प्रशासनिक अधिकारियों का कहना है कि यह परियोजना केवल यातायात को आसान बनाने तक सीमित नहीं रहेगी, बल्कि शहर की आर्थिक, औद्योगिक और सामाजिक प्रगति को भी रफ्तार देगी. बता दें कि मेट्रो विस्तार से दिल्ली और गुरुग्राम के बीच कनेक्टिविटी मजबूत होगी. साथ ही, लाखों यात्रियों को रोजाना आरामदायक सफर का लाभ मिलेगा.
इस कार्यक्रम में एडीसी वत्सल वशिष्ठ, एसडीएम संजीव सिंगला, डीपीआरओ बिजेंद्र कुमार, पीडब्ल्यूडी के एक्सईएन चरणदीप राणा और पुलिस विभाग के अधिकारी भी मौजूद रहेंगे.
