गुरुग्राम | ओल्ड गुरुग्राम मेट्रो प्रोजेक्ट के लिए भूमि पूजन कार्यक्रम का आयोजन हो चुका है. इस प्रोजेक्ट के निर्माण के तहत काटे जा रहे पेड़ों की भरपाई अरावली पर्वत से सटे गांव कादरपुर में की जाएगी. इसके लिए हरियाणा वन विकास निगम (HFDC) ने करीब 18 हजार पौधे लगाने की तैयारियां शुरू कर दी है. निगम द्वारा इसके लिए 3.77 करोड़ रुपए का टेंडर जारी किया गया है.
31 अक्टूबर तक पूरा करना होगा कार्य
मेट्रो के पहले चरण के तहत, 1800 पेड़ों की कटाई होनी है. इनमें 500 पेड़ मिलेनियम सिटी सेंटर से हीरो होंडा चौक तक और 130 पेड़ हीरो होंडा चौक से सेक्टर- 9 तक हैं. इनकी जगह पौधे लगाने के लिए गुरुग्राम नगर निगम ने कादरपुर गांव में करीब 50 एकड़ जमीन गुरुग्राम मेट्रो रेल लिमिटेड (GMRL) को उपलब्ध कराई है. GMRL ने यह जिम्मेदारी HFDC को सौंपी है.
इस काम को 31 अक्तूबर तक पूरा करना होगा. इसके बाद, 1 नवंबर से ठेकेदार को अगले 5 साल तक पौधों की देखरेख करनी होगी. टेंडर में साफ निर्देश हैं कि पहले साल पौधों को हफ्ते में दो बार 20 लीटर पानी देना होगा. दूसरे साल महीने में चार बार 25 लीटर, तीसरे और चौथे साल महीने में 4 बार 20 लीटर और पांचवें साल महीने में 3 बार 20 लीटर पानी देना होगा. वहीं, दीमक से बचाव हेतु प्रत्येक वर्ष 2 बार दवा का छिड़काव और सुरक्षा के लिए RCC पिलर व तारबंदी करनी होगी.
इन प्रजातियों के लगेंगे पौधे
कादरपुर गांव में जिन प्रजातियों के पौधे लगाए जाएंगे. उनमें पीपल, बरगद, नीम, गूलर, पिलखन, अमलतास, इमली, बेल पत्थर, काला सिरस, सफेद सिरस, खिरनी, देसी कदम, ढाक, शहतूत, जामुन और लसोदा शामिल हैं.
