गुरुग्राम | राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली से सटे नए गुरुग्राम के एक दर्जन से ज्यादा सेक्टरों के लोगों को जल्द ही खस्ताहाल सड़कों से राहत मिलने जा रही है. यहां गुरुग्राम मेट्रो डिवलेपमेंट ऑथोरिटी (GMDA) द्वारा 15 सेक्टरों की मुख्य और आंतरिक सड़कों को आने वाले 2 सप्ताह में दुरस्त कर दिया जाएगा. इसके लिए GMDA ने 2 अक्टूबर की डेडलाइन तय की हैं.
इन सेक्टरों की सड़कें होंगी चकाचक
GMDA के मुख्य अभियंता अरूण धनखड़ ने बताया कि सड़कों के निर्माण कार्य के साथ ही ड्रेनेज सिस्टम और ग्रीन बेल्ट के सुधारीकरण का काम भी तेजी से किया जा रहा है. इससे लंबे समय तक सड़कों की मजबूती बनी रहेगी. साथ ही, मानसूनी सीजन में जलभराव से छुटकारा मिलेगा. उन्होंने बताया कि सेक्टर 84, 85, 86, 87, 90, 91, 92, 93, 94 और 95 सहित नए गुरुग्राम के विभिन्न सेक्टरों में फिलहाल सड़क निर्माण और ड्रेनेज का कार्य तेज रफ्तार से आगे बढ़ रहा है. यहां के स्थानीय निवासियों को बहुत जल्द इन सुविधाओं का लाभ मिलेगा.
मुख्य अभियंता अरूण धनखड़ ने बताया कि सड़क की लेयरिंग, डिवाइडर सुधार और ग्रीन बेल्ट की तैयारियों पर फोकस किया जा रहा है. एक साथ कई परियोजनाओं पर काम जारी है और निर्धारित समय- सीमा के भीतर सभी कार्य पूरे करने का लक्ष्य रखा गया है.
जल्द मिलेगी मल्टी यूटीलिटी कॉरिडोर की सौगात
द्वारका एक्सप्रेसवे से जुड़ी एक महत्वपूर्ण परियोजना पर भी तेज गति से काम चल रहा है. सीपीआर सेक्टर- 84 से मानेसर तक 5.5 किलोमीटर लंबे मल्टी यूटीलिटी कॉरिडोर का निर्माण कार्य जारी है. इस कॉरिडोर के दोनों तरफ ड्रेनेज लाइन बिछाई जा रही है ताकि पानी की निकासी बेहतर हो सके.
