हरियाणा में बाजरा किसानों के लिए खुशखबरी, भावांतर भरपाई योजना के तहत मिलेंगे प्रति क्विंटल 625 रुपए

चंडीगढ़ | हरियाणा में बाजरा उत्पादक किसानों को सूबे की नायब सैनी सरकार ने बड़ी राहत प्रदान की है. बता दें कि केंद्र सरकार ने इस बार बाजरे का न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) 2775 रुपए प्रति क्विंटल निर्धारित किया है. सरकारी खरीद एजेंसियां किसानों से 2150 रुपए प्रति क्विंटल के हिसाब से ही बाजरा खरीदेगी. ऐसे में बची हुई राशि के भुगतान के लिए किसानों को भावांतर भरपाई योजना का लाभ दिया जाएगा.

Bajara Kheti Anaj

पोर्टल पर रजिस्ट्रेशन जरूरी

राज्य सरकार द्वारा भावांतर भरपाई योजना के तहत बाजरा उत्पादक किसानों के बैंक खातों में 625 रुपए प्रति क्विंटल के हिसाब से डाले जाएंगे, बशर्ते किसानों ने मेरी फसल- मेरा ब्यौरा पोर्टल पर रजिस्ट्रेशन कराया हुआ हो. इस संबंध में खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले विभाग ने बाजरे की खरीद को लेकर सभी उपायुक्तों और जिला खाद्य एवं आपूर्ति नियंत्रकों को निर्देश जारी कर दिया है.

खास बात यह है कि किसान यदि मंडी में प्राइवेट खरीदारों को भी बाजरा बेचते हैं, तो भी उन्हें 625 रुपए प्रति क्विंटल बोनस राशि का लाभ मिलेगा. यदि किसान का बाजरा निजी व्यापारियों द्वारा 2150 रुपये प्रति क्विंटल से अधिक कीमत पर खरीदा जाता है, तब भी प्रदेश सरकार द्वारा 625 रुपए प्रति क्विंटल की राशि किसानों के बैंक खातों में ट्रांसफर की जाएगी.

यह भी पढ़े -  हरियाणा में बारिश- आंधी का अलर्ट, इन 7 जिलों में 50 KM/H की रफ्तार से चलेंगी तेज हवाएं

इन्हीं किसानों को मिलेगा फायदा

उदाहरण के तौर पर हैफेड और हरियाणा राज्य भंडारण निगम (एचएसडब्ल्यूसी) द्वारा 2150 रुपये प्रति क्विंटल की खरीद पर किसान को कुल 2775 रुपये (2150+ 625) मिलेंगे. यदि कोई निजी व्यापारी 2175 रुपये प्रति क्विंटल खरीदे, तो किसान को 2800 रुपये (2175+ 625) मिलेंगे. यदि निजी खरीद 2225 रुपये प्रति क्विंटल हुई है, तो कुल 2850 रुपये (2225+ 625) प्राप्त होंगे.

हैफेड और एचएसडब्ल्यूसी के माध्यम से प्रदेशभर में 60:40 के अनुपात से बाजरे की सरकारी खरीद की जायेगी. ई- खरीद पोर्टल के माध्यम से की गई प्राइवेट बिक्री पर ही भावांतर भरपाई योजना का लाभ मिलेगा. केवल उन्हीं किसानों को भावांतर भरपाई योजना का लाभ मिलेगा, जिनका पंजीकरण और सत्यापन कृषि एवं किसान कल्याण विभाग के पोर्टल पर हो चुका है.

Avatar of Ajay Sehrawat
Ajay Sehrawat
View all posts

मेरा नाम अजय सहरावत है. मीडिया जगत में पिछले 6 साल से काम कर रहा हूँ. बीते साढ़े 5 साल से Haryana E Khabar डिजिटल न्यूज़ वेबसाइट के लिए बतौर कंटेंट राइटर के पद पर काम कर रहा हूँ.