गुरुग्राम | राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली और एनसीआर क्षेत्र में ट्रैफिक के लिए वरदान कुंडली- मानेसर- पलवल (KMP) एक्सप्रेसवे से अच्छी खबर सामने आई है. इस एक्सप्रेसवे के 53 किलोमीटर लंबे हिस्से को दुरुस्त करने का काम शुरू हो चुका है. गुरुग्राम के मानेसर से पलवल तक हिस्से की मरम्मत कार्य पर 48 करोड़ रुपए की धनराशि खर्च होगी.
इन गतिविधियों को बढ़ावा
KMP एक्सप्रेस-वे के इस हिस्से पर मरम्मत कार्य पूरा होने पर यात्रियों का सफर आसान व सुरक्षित बनेगा. साथ ही, औद्योगिक व आर्थिक गतिविधियों को नई रफ्तार मिलेगी. बता दें कि लंबे समय से मानेसर सहित अन्य औद्योगिक क्षेत्रों के उद्योगपति इस एक्सप्रेस-वे के मरम्मत की बाट जोह रहे थे. 6 महीने में इस एक्सप्रेसवे के मरम्मत कार्य को पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है.
HSIIDC के एक अधिकारी ने बताया कि 53 किलोमीटर लंबे इस हिस्से की हालत बहुत ज्यादा खराब हो चुकी थी. जगह- जगह गढ्ढों से वाहन चालकों को खासी परेशानी झेलनी पड़ रही है, लेकिन अब इसकी मरम्मत करने के साथ- साथ अवैध कटों को भी बंद किया जाएगा. बैरियर और रेलिंग दुरस्त की जाएगी.
अवैध कट होंगे बंद
उन्होंने बताया कि KMP एक्सप्रेसवे पर सबसे ज्यादा अवैध कट की भरमार नूंह जिले में है. अवैध कटों की वजह से कहीं से भी वाहन एक्सप्रेसवे पर चढ़ जाते हैं, जिससे दुर्घटना होने का अंदेशा बना रहता है. जगह- जगह गढ्ढों के चलते रात के अंधेरे में सड़क हादसे होते रहते हैं, लेकिन अब इन सभी समस्याओं को दूर कर लोगों को सुरक्षित सफर की सौगात दी जाएगी.
