झज्जर | हरियाणा में क्रिकेट खिलाड़ियों के लिए एक अच्छी खबर सामने आई है. यहां झज्जर जिले के गांव लोहट में हरियाणा का सबसे बड़ा इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम बनेगा. 222.20 करोड़ रुपए की लागत वाले इस स्टेडियम का निर्माण कार्य हरियाणा क्रिकेट एसोसिएशन (भिवानी) ने ग्लोब सिविल प्रोजेक्ट्स लिमिटेड को सौंपा है और कंपनी को यह निर्माण कार्य 24 महीनों में पूरा करना होगा. इस स्टेडियम की चारदीवारी का निर्माण कार्य शुरू हो गया है.

50 हजार दर्शकों के बैठने की क्षमता
नए स्टेडियम में 50 हजार दर्शकों के बैठने की क्षमता होगी. इसके साथ ही, 11 क्रिकेट पिच, 2 अभ्यास मैदान, क्रिकेट एकेडमी, हॉस्टल, पार्किंग, स्पोर्ट्स क्लब व जिम की सुविधाएं अंतरराष्ट्रीय स्तर की होंगी. रात में मैच के लिए फ्लड लाइट, स्विमिंग पूल, सोना बाथ, ड्रेसिंग रूम व 30 कॉर्पोरेट बॉक्स लगाएं जाएंगे.
एयरपोर्ट से नजदीकी
BCCI के नियमों के मुताबिक, अंतरराष्ट्रीय स्तर के मैचों की मेजबानी उन्हें दी जाती है, जिनके पास अपना स्टेडियम हो. हर साल 1 अंतरराष्ट्रीय स्तर का वनडे, 1 टेस्ट और अब 1 IPL मैच देने का प्रावधान है. इसके अलावा, रणजी मैच भी मिलते हैं.
हरियाणा क्रिकेट एसोसिएशन ने अपना एक स्टेडियम रोहतक के लाहली में बनाया हुआ है, लेकिन वहां पर केवल रणजी मैचों का आयोजन हो सका है. अंतरराष्ट्रीय मैचों का वहां पर आयोजन नहीं हुआ है क्योंकि नियमानुसार स्टेडियम से फाइव स्टार होटल से सेवन स्टार होटल और एयरपोर्ट की अधिकतम दूरी डेढ़ घंटे के सफर से ज्यादा नहीं होनी चाहिए. इस नए स्टेडियम में दिल्ली- NCR के लोगों का पहुंचना आसान होगा. वहीं, एयरपोर्ट और होटल भी नाममात्र दूरी पर ही हैं.
नए स्टेडियम के फायदे
- दिल्ली, UP, उत्तराखंड, तमिलनाडु की तर्ज पर हरियाणा में भी क्रिकेट लीग हो सकती हैं.
- अभ्यास के लिए सुविधा मिलने पर खिलाड़ियों को प्रैक्टिस में लाभ मिलेगा.
- अंतरराष्ट्रीय मेजबानी मिलने से हरियाणा में पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा.