हरियाणा में पंचायतों और नगर निकायों के लिए खुशखबरी, विकास कार्यों के लिए जारी हुए करोड़ों रुपए

चंडीगढ़ | 17 अक्टूबर यानि कल शुक्रवार को हरियाणा में भारतीय जनता पार्टी (BJP) की सरकार ने अपने तीसरे कार्यकाल की सरकार की पहली वर्षगांठ मनाई. इस अवसर पर पंचकूला के इंद्रधनुष ऑडीटोरियम में राज्यस्तरीय समारोह का आयोजन किया गया, जिसमें बतौर मुख्य अतिथि शिरकत करने पहुंचे सीएम नायब सैनी ने सरकार का 1 साल का लेखा- जोखा प्रस्तुत किया.

BJP

बुढ़ापा पेंशन में बढ़ोतरी का तोहफा

हरियाणा सरकार ने दिवाली के शुभ अवसर पर बुजुगों, विधवा महिलाओं, दिव्यांगों को सामाजिक सुरक्षा पेंशन में 200 रुपए की बढ़ोतरी का तोहफा दिया है. अब यह पेंशन 3 हजार रुपए के बजाय 3200 रुपए प्रतिमाह हो गई है. यह 1 नवंबर से लागू होगी और बढ़ी पेंशन दिसंबर माह से मिलने लगेगी. यह घोषणा शुक्रवार को भाजपा सरकार के तीसरे कार्यकाल का एक साल पूरा होने के मौके पर सीएम नायब सिंह सैनी ने की. करीब 34 लाख 56 हजार 125 लोगों को इस योजना का लाभ मिल रहा है.

विकास कार्यों के लिए करोड़ों रुपए जारी

सीएम नायब सैनी ने पंचायतों को विकास कार्यों के लिए स्टांप शुल्क व बिजली खपत पर पंचायत सेस की 1,044.57 करोड़ रुपए की राशि जारी की. 322 गांवों में फिरनियों के निर्माण के लिए 169 करोड़ दिए गए हैं. नगर निकायों में विकास कार्यों के लिए 1,483.77 करोड़ रुपए जारी किए गए हैं. उन्होंने कहा कि गांव हो या शहर, विकास कार्यों के लिए धन की कमी आड़े नहीं आने दी जाएगी.

यह भी पढ़े -  एशियन गेम्स में भारतीय कबड्डी टीम से रहेगी गोल्ड की उम्मीदें, हरियाणा की बेटी रितु करेगी कप्तानी

गरीब परिवारों को बांटे गए प्लाट

मुख्यमंत्री ने पंचकूला में आयोजित इस कार्यक्रम में 8547 लोगों को प्लॉट आवंटन के प्रमाण पत्र दिए. मुख्यमंत्री ग्रामीण आवास योजना के दूसरे चरण के तहत 141 गांव, 2 महाग्राम पंचायतों में 8,029 लोगों को 100 वर्ग गज के प्लॉट दिए हैं. मुख्यमंत्री शहरी आवास योजना के दूसरे चरण में पिंजौर में 518 लोगों को 30 वर्ग गज के प्लॉट आवंटित किए गए हैं.

Avatar of Ajay Sehrawat
Ajay Sehrawat
View all posts

मेरा नाम अजय सहरावत है. मीडिया जगत में पिछले 6 साल से काम कर रहा हूँ. बीते साढ़े 5 साल से Haryana E Khabar डिजिटल न्यूज़ वेबसाइट के लिए बतौर कंटेंट राइटर के पद पर काम कर रहा हूँ.