हरियाणा के इस क्रिकेट स्टेडियम में फिर गूंजेगी चौकों- छक्कों की आवाज, 115 करोड़ से होगा जीर्णोद्धार

फरीदाबाद | राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली से सटे हरियाणा के फरीदाबाद शहर से खिलाड़ियों खासकर क्रिकेट प्रेमियों के लिए बड़ी खुशखबरी सामने आई है. यहां राजा नाहर सिंह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम के निर्माण कार्य को बहुत जल्द शुरू किया जाएगा. बीजेपी विधायक धनेश अदलेखा ने स्टेडियम का दौरा करते हुए दावा किया कि 1 महीने के भीतर स्टेडियम में काम शुरू कर दिया जाएगा.

Cricket Match

उन्होंने बताया कि इस स्टेडियम के निर्माण कार्य पर पिछले 5 साल से ब्रेक लगा हुआ था लेकिन अब एक महीने के भीतर दोबारा से काम शुरू हो जाएगा. एक साल के भीतर इस प्रोजेक्ट को पूरा कर लिया जाएगा. सबसे पहले ग्राउंड तैयार होगा. बीजेपी विधायक ने बताया कि जिस कंपनी को पहले काम सौंपा गया था, वहीं कंपनी अब इस प्रोजेक्ट को पूरा करेगी. प्रदेश सरकार की ओर से नगर निगम को 115 करोड़ रुपए की धनराशि मंजूरी की गई है और इसी राशि से काम पूरा किया जाएगा.

1981 में बना था स्टेडियम

फरीदाबाद के NIT में स्थित राजा नाहर सिंह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम की गिनती हरियाणा के सबसे बड़े और पुराने स्टेडियम के रूप में होती है. इसका निर्माण साल 1981 में हुआ था. उस समय इस स्टेडियम में 25 हजार लोगों के बैठने की व्यवस्था की गई थी. इसके निर्माण से लेकर आज तक इस स्टेडियम में सिर्फ 8 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट मैच खेले गए हैं और आखिरी मैच साल 2006 में भारत और इंग्लैंड के बीच एकदिवसीय मैच हुआ था.

यह भी पढ़े -  खिलाड़ियों के लिए खुशखबरी, हरियाणा में खेल उपलब्धियों के आधार पर मिली सरकारी नौकरी

पूर्व CM ने की थी घोषणा

साल 2015 में तत्कालीन मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर ने राजा नाहर सिंह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम के जीर्णोद्धार की घोषणा की थी. इसको लेकर नगर निगम ने 135 करोड़ रुपए का बजट तैयार किया था, जिसके बाद जनवरी 2019 में इस स्टेडियम को आधुनिक तकनीक से बनाने का काम शुरू किया गया था. साल 2020 तक ठीक- ठाक काम चलता रहा, लेकिन उसके बाद निर्माण कार्य कर रही कंपनी ने काम बंद कर दिया. अब फिर से इस प्रोजेक्ट के लिए बजट राशि जारी हुई है और जल्द काम शुरू करने का दावा भी किया जा रहा है.

Avatar of Ajay Sehrawat
Ajay Sehrawat
View all posts

मेरा नाम अजय सहरावत है. मीडिया जगत में पिछले 6 साल से काम कर रहा हूँ. बीते साढ़े 5 साल से Haryana E Khabar डिजिटल न्यूज़ वेबसाइट के लिए बतौर कंटेंट राइटर के पद पर काम कर रहा हूँ.