खुशखबरी: कुश्ती में हरियाणा के लाल का धमाल, दादरी के सुजीत ने सर्बिया में जीता गोल्ड मेडल

चरखी दादरी | खेल मैदान से हरियाणा के लिए एक और गौरवमई खबर सामने आई है. यहां चरखी दादरी जिले के गांव इमलोटा निवासी सुजीत कलकल ने कुश्ती खेल में एक और बड़ी उपलब्धि हासिल करते हुए हरियाणा और हिंदुस्तान का गौरव बढ़ाया है. उन्होंने विश्व चैंपियनशिप में गोल्ड मेडल जीतकर नया इतिहास रच दिया है.

Sujeet Kalkal

हरियाणा के लाल का कमाल

सुजीत कलकल ने सर्बिया में आयोजित हुई U- 23 विश्व कुश्ती चैंपियनशिप में फ्री स्टाइल 65 किलोग्राम भारवर्ग में उज्बेकिस्तान के उमीद जोन को 10- 0 के एकतरफा अंतर से हराकर गोल्ड मेडल जीता है. उनकी इस उपलब्धि पर परिजनों और ग्रामीणों ने मिठाईयां बांटकर खुशी का इजहार किया. अब सुजीत के घर लौटने का इंतजार हो रहा है, जहां गांव में उनके भव्य स्वागत के लिए 31 अक्टूबर को सम्मान समारोह का आयोजन किया जाएगा.

इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर खुशी जताते हुए पिता दयाचंद ने कहा कि हमें अपने बेटे पर गर्व महसूस हो रहा है. उसने परिवार के साथ- साथ जिले, हरियाणा और हिंदुस्तान की शान को विदेशी सरजमीं पर दोगुना कर दिया है. उन्होंने कहा कि अब बेटा ओलम्पिक खेलों में गोल्ड मेडल जीतकर लाए, यही सपना देख रहे हैं और इलाक़े के लोगों को भी उम्मीद है कि सुमीत एक दिन ओलंपिक गोल्ड मेडल विजेता बनकर अपने वतन लौटेगा.

यह भी पढ़े -  खिलाड़ियों के लिए खुशखबरी, हरियाणा में खेल उपलब्धियों के आधार पर मिली सरकारी नौकरी

ओलंपिक खेलों में गोल्ड जीतना लक्ष्य

उन्होंने कहा कि सुजीत की जीत ने एक बार फिर साबित कर दिया है कि हरियाणा की धरती प्रतिभा और मेहनत की मिसाल है. उसने छोटी उम्र में बड़ी उपलब्धि हासिल की है. जिस तरह हमारा बेटा सुजीत कुश्ती में लगातार दमदार खेल का प्रदर्शन कर रहा है, उम्मीद है कि वह 2028 के ओलंपिक खेलों में अपनी कैटेगरी में गोल्ड मेडल जीतकर हरियाणा और हिंदुस्तान का गौरव फिर से बढ़ाने का काम करेगा. बेटे के अभूतपूर्व प्रदर्शन ने सभी देशवासियों को खुशियां मनाने का मौका दिया है.

Avatar of Ajay Sehrawat
Ajay Sehrawat
View all posts

मेरा नाम अजय सहरावत है. मीडिया जगत में पिछले 6 साल से काम कर रहा हूँ. बीते साढ़े 5 साल से Haryana E Khabar डिजिटल न्यूज़ वेबसाइट के लिए बतौर कंटेंट राइटर के पद पर काम कर रहा हूँ.