गुरुग्राम | हरियाणा की मिलेनियम सिटी गुरुग्राम से खिलाड़ियों के लिए बड़ी खुशखबरी सामने आई है. यहां खेल प्रतिभाओं को ज्यादा से ज्यादा निखार मिले, इसके लिए सोहना नगर परिषद ने एक बड़ी पहल की है. यहां वार्ड नंबर- 3 के गांव बालूदा में 10 एकड़ जमीन पर एक भव्य स्टेडियम का निर्माण किया जाएगा. इस महत्वाकांक्षी प्रोजेक्ट पर करीब 500 करोड़ रुपए की लागत राशि खर्च होने का अनुमान है. इस प्रोजेक्ट की डिटेल प्रोजेक्ट रिपोर्ट (DPR) तैयार करने का काम शुरू कर दिया गया है.
आधुनिक सुविधाओ से होगा लैस
परिषद के एक अधिकारी ने बताया कि यह स्टेडियम आउटडोर और इंडोर ट्रैक से लैस होगा. जिसमें खिलाड़ियों को एक दर्जन से ज्यादा अलग-अलग श्रेणी के खेलों की सुविधा मिलेगी. इन खेलों में कबड्डी, कुश्ती, बैडमिंटन, वॉलीबॉल, निशानेबाजी, बास्केटबॉल, स्क्वैश, फुटबॉल, हॉकी और दौड़ जैसे इंडोर व आउटडोर खेल शामिल हैं.
उन्होंने बताया कि इस स्टेडियम के निर्माण का लाभ सोहना नगर परिषद क्षेत्र ही नहीं बल्कि आसपास के गांवों दौला, हरचंदपुर, दमदमा, अभयपुर, गढ़ीबाजीदपुर, नाई नंगला और सांचौली के खिलाड़ियों को भी मिलेगा. यहां खिलाड़ियों को अभ्यास के लिए बेहतर सुविधाएं मिलने से उनकी प्रतिभा निखर कर सामने आएगी और वे राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अच्छा प्रदर्शन कर देश और प्रदेश का नाम रोशन कर सकेंगे.
आवाजाही होगी आसान
नगरपरिषद के कार्यकारी अभियंता अजय पंघाल ने बताया कि इस स्टेडियम का निर्माण दिल्ली- मुंबई एक्सप्रेसवे के साथ किया जा रहा है. इस स्टेडियम का निर्माण इस हिसाब से किया जा रहा है, ताकि भविष्य में यहां अंतरराष्ट्रीय स्तर की खेल प्रतियोगिताओं का भी आयोजन किया जा सके. नेशनल हाईवे से कनेक्टिविटी होने के चलते खिलाड़ियों के लिए भी इस स्टेडियम में आवाजाही करना आसान हो जाएगा. बहुत जल्द खिलाड़ियों को इस नए स्टेडियम का तोहफा मिलेगा.
