गुरुग्राम | राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली और NCR क्षेत्र में प्रोपर्टी बूम के लिए मशहूर गुरुग्राम की चमक फीकी पड़ रही है. ग्लोबल रियल एस्टेट कंसल्टेंट कोलियर्स की ताजा रिपोर्ट के मुताबिक, गुरुग्राम के दक्षिण में स्थित सोहना अब NCR का नया इन्वेस्टमेंट हॉटस्पॉट बनकर उभर रहा है.
कम कीमत पर बड़ा घर
इस रिपोर्ट के अनुसार, सोहना गुरुग्राम के पारंपरिक महंगे बाजारों को सीधी टक्कर दे रहा है. कोलियर्स की इमर्जिंग माइक्रो मार्केट्स रिपोर्ट के मुताबिक सोहना निवेशकों और घर खरीदारों को पैसा वसूल का शानदार अवसर दे रहा है. यहां कीमत और साइज में भी बड़ा अंतर है. सोहना में प्रोपर्टी का रेट गुरुग्राम के दूसरे मुख्य इलाकों की तुलना में लगभग 1.9 गुना से 2.3 गुना तक सस्ता है.
अपार्टमेंट का साइज़ गुरुग्राम के घरों की तुलना में 1.2 गुना तक बड़ा है. सोहना उन वर्किंग प्रोफेशनल्स और परिवारों के लिए पसंदीदा जगह बनाता है जो कम कीमत पर अच्छी क्वालिटी और बड़े घर की तलाश में है.
दिखेगी जबरदस्त बढ़ोतरी
रिपोर्ट में अनुमान जताया गया है कि साल 2030 तक सोहना में रेजिडेंशियल अपार्टमेंट की कीमतों में 1.6 गुना तक की जबरदस्त बढ़ोतरी देखने को मिल सकती है. फिलहाल सोहना में औसत अपार्टमेंट की कीमत साढ़े 11 हजार रुपए प्रति स्क्वायर फीट है. सोहना- गुरुग्राम एलिवेटेड कॉरिडोर, KMP एक्सप्रेसवे और दिल्ली- मुंबई एक्सप्रेस-वे ने सोहना क्षेत्र में कनेक्टिविटी को नई दिशा प्रदान की है. साथ ही, आईएमटी सोहना जैसे औद्योगिक क्षेत्र और प्रस्तावित मेट्रो विस्तार ने इस जगह को प्राइम डेस्टिनेशन की सूची में शामिल कर दिया है.
क्या कहते हैं विशेषज्ञ?
सिग्नेचर ग्लोबल (इंडिया) लिमिटेड के संस्थापक एवं चेयरमैन प्रदीप अग्रवाल ने बताया कि कई हाइवे से सीधी कनेक्टिविटी और प्रस्तावित मेट्रो विस्तार ने सोहना को NCR में एक आकर्षक निवेश केंद्र के रूप में उभारा है. मिड इनकम घरों की मांग सोहना में विशेष रूप से मजबूत बनी हुई है, जो कामकाजी पेशेवरों और परिवारों के बीच इस क्षेत्र की बढ़ती लोकप्रियता को दर्शाती है. सुगम कनेक्टिविटी के कारण गुणवत्तापूर्ण आवास की तलाश करने वालों के लिए सोहना एक पसंदीदा गंतव्य बन गया है.
