गुरुग्राम | हरियाणा सरकार ने प्रदेश में इलेक्ट्रिक वाहनों को बढ़ावा देने की दिशा में एक और बड़ी पहल की है. सीएम नायब सैनी ने विश्वविख्यात इलेक्ट्रिक कार निर्माता कंपनी टेस्ला को प्रदेश में विनिर्माण प्लांट स्थापित करने के लिए आमंत्रित किया है. टेस्ला की वरिष्ठ निदेशक इसाबेल फैन और अन्य प्रतिनिधियों के साथ हुई बैठक में उन्होंने कहा कि राज्य सरकार इलेक्ट्रिक वाहनों को बढ़ावा देने और औद्योगिक निवेश आकर्षित करने के लिए हरसंभव सहयोग देने के लिए प्रतिबद्ध है.
निवेश के लिए परफेक्ट जगह बना हरियाणा
मुख्यमंत्री नायब सैनी ने कहा कि यदि टेस्ला हरियाणा में अपना विनिर्माण प्लांट स्थापित करती है, तो इससे कंपनी की बिक्री में जबरदस्त बढ़ोतरी देखने को मिलेगी. साथ ही, यहां के लोगों को टेस्ला की इलेक्ट्रिक गाडियां अधिक किफायती दरों पर मिलेगी. उन्होंने बताया कि हमारी सरकार की इलेक्ट्रिक व्हीकल नीति निवेशकों को आकर्षक प्रोत्साहन, सुदृढ़ बुनियादी ढांचा और उद्योगों के लिए अनुकूल माहौल प्रदान करती है.
सीएम सैनी ने कहा कि आज हरियाणा प्रदेश निवेश और नवाचार के लिए एक परफेक्ट जगह बन चुकी है. यहां औद्योगिक इकाइयों को विश्वस्तरीय सुविधाएं और अनुकूल माहौल प्रदान किया जा रहा है. यहां टेस्ला की उपस्थिति प्रदेश के औद्योगिक एवं तकनीकी विकास को नई रफ्तार देगी.
गुरुग्राम में खुलेगा एकीकृत टेस्ला सेंटर
भारत देश का पहला एकीकृत टेस्ला सेंटर इसी महीने की 27 तारीख से दिल्ली से सटे गुरुग्राम में शुरू हो रहा है, जहां एक ही सेंटर परिसर में एक्सपीरियंस सेंटर, डिलीवरी सेंटर, सर्विस सेंटर, आफिस स्पेस और सुपरचार्जिंग स्टेशन जैसी सुविधाओं का लाभ मिलेगा.
