गुरुग्राम | राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली और एनसीआर क्षेत्र में वाहन चालकों के लिए एक जरूरी खबर सामने आई है. देश के सबसे हाईटेक द्वारका एक्सप्रेसवे पर आज से टोल टैक्स वसूल करने की प्रक्रिया शुरू हो रही है. लगभग 29 किलोमीटर लंबे इस एक्सप्रेसवे पर सफर करने के लिए 220 रुपए टोल टैक्स देना होगा. वहीं, 24 घंटे के भीतर आवाजाही करने पर 330 रुपए टोल टैक्स देना पड़ेगा.
टोल प्लाजा पर ठहराव की नही पड़ेगी जरूरत
बताया जा रहा है कि द्वारका एक्सप्रेसवे पर स्थित टोल प्लाजा देश का सबसे महंगा टोल प्लाजा होगा. खेड़कीदौला टोल प्लाजा के नजदीक से लेकर महिपालपुर में शिवमूर्ति के सामने तक लगभग 29 किलोमीटर लंबा हाईटेक द्वारका एक्सप्रेसवे तैयार किया गया है.
इस टोल प्लाजा पर फ्री फ्लो टोलिंग सिस्टम विकसित किया गया है. वाहनों को टोल प्लाजा पर ठहरने की जरूरत नहीं पड़ेगी. इस सिस्टम में वाहन अपनी निर्धारित रफ्तार से सीधे निकल जाएंगे. Fastag या वाहन नंबर प्लेट की मदद से स्वचालित रूप से टोल कट जाएगा. इससे टोल प्लाजा पर ट्रैफिक दबाव नहीं बढ़ेगा.
देना होगा इतना पैसा
द्वारका एक्सप्रेसवे से गुजरने वाले व्यवसायिक वाहनों का भी टोल रेट निर्धारित कर दिया गया है. हल्के व्यवसायिक वाहनों (एलसीवी) के लिए एकतरफा 355 एवं दोनों तरफ का 535, ट्रक एवं बस के लिए एकतरफा 745 और दोनों तरफ के लिए यानि 24 घंटे में आवाजाही पर 1120 रूपए टोल टैक्स देना होगा.
मासिक पास की मिलेगी सुविधा
द्वारका एक्सप्रेसवे पर स्थित इस टोल प्लाजा के 20 किलोमीटर के दायरे में आने वाले लोगों को राहत दी गई है. इनके लिए मासिक पास की फीस 340 रुपए रखी गई है. खेड़की दौला टोल प्लाजा से होकर जो वाहन द्वारका एक्सप्रेसवे से होते हुए दिल्ली जाएंगे, उन्हें द्वारका एक्सप्रेसवे के लिए केवल 125 रुपये देने होंगे यानि द्वारका एक्सप्रेसवे के 220 रुपये में से 95 रुपये खेड़की दाैला टोल के कम हो जाएंगे.
