गुरुग्राम | राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली से सटे गुरुग्राम में ट्रैफिक संचालन को सुगम बनाने की दिशा में निरंतर नए प्रयास किए जा रहे हैं. इसी कड़ी में गुरुग्राम मेट्रो डिवलेपमेंट ऑथोरिटी (GMDA) द्वारा मिलेनियम सिटी सेंटर मेट्रो स्टेशन चौक पर अंडरपास निर्माण की योजना बनाई है. इस प्रोजेक्ट पर लगभग 80 करोड़ रुपए की धनराशि खर्च होने का अनुमान जताया गया है. इस प्रोजेक्ट को सीएम नायब सैनी की अध्यक्षता में हुई गुरुग्राम मेट्रो डिवलेपमेंट ऑथोरिटी (GMDA) की बैठक में मंजूरी प्रदान कर दी गई है.

गुरुग्राम के इन इलाकों से घटेगा ट्रैफिक जाम
मिलेनियम सिटी सेंटर मेट्रो स्टेशन चौक सेक्टर 27, सेक्टर 27, 29, 43 और 44 के बीच स्थित है और यह शहर के प्रमुख सड़क मार्गों को जोड़ता है. यहां मेट्रो स्टेशन, रैपिड मेट्रो स्टेशन, गैलेरिया मार्केट और सेक्टर-29 के रेस्टोरेंट हब होने के चलते अक्सर ट्रैफिक जाम की स्थिति बनी रहती है. पीक आवर्स के दौरान यहां से बड़ी संख्या में वाहनों का आवागमन रहता है. निकट भविष्य में इस चौक पर एक और मेट्रो स्टेशन बनेगा, तो ट्रैफिक और पैदल यात्रियों का दबाव पहले के मुकाबले और ज्यादा बढ़ जायेगा.
2 साल में पूरा होगा प्रोजेक्ट
इस अंडरपास के निर्माण से इफको चौक, गोल्फ कोर्स रोड एक्सटेंशन, फरीदाबाद, (NH- 48) और दिल्ली- मुंबई एक्सप्रेसवे की ओर जाने वाले वाहनों को सहूलियत मिलेगी. इसके साथ ही, आसपास के सेक्टरों में स्थानीय आवाजाही और मेट्रो व रैपिड मेट्रो नेटवर्क से बेहतर कनेक्टिविटी का लाभ मिलेगा. इस प्रोजेक्ट को 24 महीने में पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है.