ओल्ड गुरुग्राम मेट्रो प्रोजेक्ट की एक और बड़ी अड़चन होगी दूर, आज ग्राउंड पर उतरेगी HSVP और GMRL की टीम

गुरुग्राम | ओल्ड गुरुग्राम मेट्रो प्रोजेक्ट से जुड़ी एक ताजा अपडेट सामने आई है. यहां बसई मेट्रो स्टेशन से सेक्टर- 101 मेट्रो स्टेशन के बीच प्रस्तावित मेट्रो रूट के निर्माण की अड़चनें जल्द दूर होगी. गुरुग्राम मेट्रो रेल लिमिटेड (GMRL) और हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण (HSVP) की संयुक्त टीम मंगलवार यानि आज करीब 2.5 किलोमीटर लंबे इस मेट्रो रूट की पैमाइश करेगी.

Metro

आज मैदान में उतरेगी टीम

HSVP ने बसई गांव स्थित तालाब से लेकर सेक्टर- 101 (द्वारका एक्सप्रेसवे) तक 60 मीटर चौड़ी सड़क विकसित करने के लिए जमीन अधिग्रहित की हुई है. तालाब के साथ रेलवे लाइन को पार करते हुए द्वारका एक्सप्रेसवे तक मेट्रो का रूट तैयार होना है. यहां निर्माण के बीच कुछ मकान आ रहे हैं.

ऐसे में HSVP की ओर से अधिग्रहित जमीन की पहचान करके पैमाइश की जाएगी और इस दौरान पता लगाया जाएगा कि अधिग्रहित जमीन पर मकानों का निर्माण हुआ है या उससे बाहर हैं. मकान बाहर आते हैं, तो अधिग्रहण की योजना बनाई जाएगी. पैमाइश के दौरान दोनों विभागों के अधिकारी मौजूद रहेंगे और HSVP की तरफ से GMRL को जमीन का कब्जा सौंपा जाएगा.

यह भी पढ़े -  गुरुग्राम में 5 करोड़ की लागत से चमकेगी यह सर्विस रोड, 6 महीने में होगा काम पूरा

एक साथ 3 जगहों पर शुरू होगा काम

ओल्ड गुरुग्राम मेट्रो का निर्माण एक साथ तीन जगह पर शुरू होगा. पाइल करने के लिए 3 मशीन मौके पर पहुंच चुकी है. एक मशीन के माध्यम से सेक्टर- 45 मेट्रो स्टेशन के समीप से पाइल लगाने का काम शुरू किया जाएगा. दूसरी मशीन सुभाष चौक से हीरो होंडा चौक के बीच काम करेगी, जबकि तीसरी मशीन हीरो होंडा चौक से लेकर सेक्टर- 9 तक पाइल करने का काम करेगी. पहले चरण की मेट्रो के निर्माण को लेकर दिल्ली- जयपुर हाईवे पर सेक्टर- 33 स्थित ट्रांसपोर्ट नगर में मेट्रो का निर्माण कर रही कंपनी की तरफ से कास्टिंग यार्ड तैयार किया जा रहा है.

Avatar of Ajay Sehrawat
Ajay Sehrawat
View all posts

मेरा नाम अजय सहरावत है. मीडिया जगत में पिछले 6 साल से काम कर रहा हूँ. बीते साढ़े 5 साल से Haryana E Khabar डिजिटल न्यूज़ वेबसाइट के लिए बतौर कंटेंट राइटर के पद पर काम कर रहा हूँ.