कुरूक्षेत्र | धर्मनगरी कुरुक्षेत्र में आयोजित अंतर्राष्ट्रीय गीता महोत्सव (International Gita Mahotsav 2025) में यात्रियों के आवागमन को सुगम बनाने के लिए रेलवे ने एक बड़ी पहल की है. 15 नवंबर से 5 दिसंबर तक चलने वाले इस महोत्सव को देखते हुए उत्तर रेलवे ने जींद- कुरूक्षेत्र रेलवे लाइन पर दो स्पेशल ट्रेनों के संचालन का फैसला लिया है.

यह रहेगा शेड्यूल
रेलवे ने पहली बार गीता जयंती समारोह को देखते हुए स्पेशल ट्रेनों का संचालन शुरू किया हैं. तय शेड्यूल के अनुसार, ट्रेन कैथल रेलवे स्टेशन से सुबह 11.52 बजे कुरूक्षेत्र के लिए रवाना होगी. जबकि जींद से दोपहर 02.53 बजे कैथल की ओर पहुंचेगी. इन ट्रेनों के संचालन के लिए समय- सारणी और बीच रास्ते के स्टेशनों पर ठहराव के आदेश जारी कर दिए गए हैं.
स्टेशन मास्टर नरेंद्र शर्मा ने बताया कि अंतरराष्ट्रीय गीता महोत्सव में शिरकत करने वाले यात्रियों की संख्या में लगातार बढ़ोतरी हो रही है, जिसके चलते स्पेशल ट्रेनों के संचालन का फैसला लिया गया है. इस महोत्सव के दौरान सुबह के समय कुरूक्षेत्र और शाम के समय कैथल जाने वाले यात्रियों की संख्या में इजाफा हो रहा है.
सामान्य दिनों की तुलना में अब टिकटों की बिक्री भी 50 हजार से ज्यादा रोजाना तक पहुंच गई है, जबकि पहले 35 से 40 हजार टिकटों की बिक्री होती थी. टिकटों की बिक्री में बढ़ोतरी से रेलवे के राजस्व में भी वृद्धि हो रही है. इसको देखते हुए ही स्पेशल ट्रेनें संचालित की जा रही है.
यात्रियों को मिलेगी सुविधा
उन्होंने बताया कि अंतरराष्ट्रीय गीता जयंती समारोह में शिरकत करने वाले यात्रियों की सुविधा का ख्याल रखते हुए इन स्पेशल ट्रेनों के संचालन का फैसला लिया गया है, ताकि उनका सफर आसान हो सकें. यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए रेलवे द्वारा निरंतर नए प्रयास किए जा रहे हैं.