गुरुग्राम | नए गुरुग्राम के 19 सेक्टरों में रहने वालों के लिए एक अच्छी खबर सामने आई है. यहां सेक्टर- 81 से 99 तक की अंधेरी गलियां अब दूधिया रोशनी से जगमगा उठेगी. इन स्ट्रीट लाइटों के रख-रखाव की जिम्मेदारी HSVP से मानेसर नगर निगम को ट्रांसफर करने की तैयारियां जोरों पर है. इसके लिए निगम को एक औपचारिक पत्र जारी किया गया है.
2 करोड़ होंगे खर्च
मानेसर नगर निगम अब इन सेक्टरों में पुराने सिस्टम की मरम्मत, नई लाइटें लगाने और रखरखाव के लिए एस्टीमेट तैयार कर रहा है. यहां नई लाइटें लगाने और पुरानी केबल बदलने पर लगभग 2 करोड़ रुपए खर्च होने का अनुमान जताया गया है.
बता दें कि इन इलाकों में सालों पहले लगाई गई सोडियम लाइटें अब खस्ताहाल स्थिति में पहुंच चुकी है. इनकी केबल खराब हो चुकी है और कमजोर पीली रोशनी के चलते शाम होते ही इन सेक्टरों में अंधेरा छा जाता है. इन इलाकों में सड़कें चौड़ी और आधुनिक बनी हुई है, लेकिन सही रोशनी नहीं होने के चलते सड़क दुघर्टना होने का अंदेशा बना रहता है. वहीं, रात के अंधेरे चोरी और लूट- पाट जैसी घटनाएं होने की संभावना भी बढ़ जाती है.
खूबसूरत दिखेंगे गुरुग्राम के सेक्टर
मानेसर नगर निगम के एग्जीक्यूटिव इंजीनियर मंदीप धनखड़ ने बताया कि HSVP ने लाइटों के रखरखाव के लिए कहा है. सीनियर अधिकारियों से बातचीत और मंजूरी प्रकिया पूरी होने के बाद लाइटों की मरम्मत का काम शुरू कर दिया जाएगा. कई जगहों पर नई लाइटें भी लगाई जाएगी.
उन्होंने बताया कि नई एलईडी स्ट्रीट लाइटें लगने से दूधिया रोशनी इन सेक्टरों की खूबसूरती में चार- चांद लगा देगी. ये लाइटें न केवल ज्यादा रोशनी देगी, बल्कि बिजली की खपत भी कम होगी और रखरखाव भी आसान बनेगा. रात के समय लाइटें चकाचक होने से दुर्घटना होने की संभावना कम हो जायेगी. साथ ही, चोरी व लूटपाट जैसी घटनाओं को रोका जा सकेगा. रात में पैदल चलने वालों को आसानी हो जायेगी.
