गुरुग्राम | हरियाणा की साईबर सिटी गुरुग्राम से श्रमिकों के लिए एक अच्छी खबर सामने आई है. यहां हरियाणा स्टेट इंडस्ट्रियल एंड इंफ्रास्ट्रक्चर डेवलपमेंट कॉर्पोरेशन (HSIIDC) की ओर से IMT मानेसर के सेक्टर- 4 और सेक्टर- 5 में 2 अटल किसान मजदूर कैंटीन का संचालन शुरू कर दिया गया है. यहां औद्योगिक इकाइयों में काम करने वाले मजदूरों को मात्र 10 रुपए में अनलिमिटेड भोजन खाने को मिलेगा.
खोली जाएगी 5 कैंटीन
HSIIDC द्वारा IMT मानेसर में कुल 5 जगहों पर अटल मजदूर किसान कैंटीन खोली जाएगी. इनमें से 2 कैंटीन शुरू हो गई है और शेष 3 कैंटीनों का निर्माण कार्य प्रगति पर है. अगले साल की शुरुआत में इन्हें भी संचालित किया जाएगा. इसके बाद, औद्योगिक क्षेत्र के आधिकारिक श्रमिकों को नाममात्र दर पर भरपेट भोजन का आनंद मिल सकेगा.
मात्र 10 रुपए में पौष्टिक भरपेट भोजन
इन कैंटीनों का संचालन स्वयं सहायता समूह द्वारा किया जाएगा. इससे जहां कैंटीनों का कुशल प्रबंधन सुनिश्चित होगा, तो वहीं दूसरी ओर स्थानीय महिलाओं और समुदाय के लोगों के लिए रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे. इन कैंटीनों में हरियाणा सरकार की अटल मजदूर किसान कैंटीन योजना के तहत श्रमिकों को मात्र 10 रुपए में भरपेट भोजन करने का मौका मिलेगा. यह भोजन पूरी तरह से पौष्टिकता से भरपूर होगा.
प्रदेश सरकार के एक प्रवक्ता ने बताया कि आईएमटी मानेसर जैसे बड़े औद्योगिक क्षेत्र में अटल मजदूर किसान कैंटीन खुलने का निश्चित तौर पर श्रमिको को फायदा पहुंचेगा. उन्हें मात्र 10 रुपए में पौष्टिकता से भरपूर भरपेट भोजन का स्वाद चखने को मिलेगा. इससे उन्हें खाने के लिए ढाबों या रेहड़ियों पर होने वाले भारी- भरकम खर्च से छुटकारा मिलेगा. उन्होंने बताया कि औद्योगिक श्रमिकों के जीवन स्तर में सुधार की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल साबित होगी.
